Door Cleaning Tips: घर की साफ-सफाई करते समय हमारा ध्यान अक्सर फर्श, पंखों और खिड़कियों पर तो चला जाता है लेकिन दरवाजों की तरफ हम कम ही देख पाते हैं. रोज बार-बार छूने, हवा की धूल और नमी के कारण लोहे, स्टील, लकड़ी या सनमाइका के दरवाजों पर काले और चिपचिपे दाग बन जाते हैं. कई बार लोग इन्हें साफ करने के लिए कड़े स्क्रबर से रगड़ देते हैं जिससे दरवाजों की पॉलिश और पेंट खराब हो जाते हैं और उन पर स्क्रैच आ जाते हैं.
लेकिन आपकी रसोई में ही कुछ ऐसी चीजें छिपी हैं जो दरवाजों की लकड़ी को बिना कोई नुकसान पहुंचाए बरसों पुरानी जमी गंदगी को भी मिनटों में हटा सकती हैं. आइए जानते हैं उन आसान ट्रिक्स के बारे में जिससे आपके घर के दरवाजे हमेशा चमकते रहेंगे.
बिना रगड़े दरवाजे चमकाने की ट्रिक्स
लिक्विड डिश सोप और गुनगुना पानी: एक बर्तन में हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें कुछ बूंदें बर्तन धोने वाले लिक्विड सोप की मिलाएं. इस घोल में एक मुलायम कपड़ा या स्पंज भिगोकर हल्के हाथों से दरवाजे को पोंछें. यह दरवाजों पर जमी हाथों की चिपचिपाहट और तेल को तुरंत काट देता है.
सिरका और ऑलिव ऑयल का मिक्स: आधा कप सफेद सिरका और आधा कप ऑलिव ऑयल (या कोई भी कुकिंग ऑयल) मिलाएं. इस मिश्रण को एक कपड़े पर लेकर लकड़ी के दरवाजे पर मलें. सिरका गंदगी को साफ करेगा और तेल लकड़ी को नेचुरल मॉइश्चर देकर उसे एकदम नया जैसा चमका देगा.
बेकिंग सोडा से हटाएं जिद्दी दाग: अगर हैंडल के पास बहुत ज्यादा कालापन या जिद्दी दाग हैं तो थोड़े से बेकिंग सोडा में पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें. इसे दाग वाली जगह पर लगाकर 2 मिनट के लिए छोड़ दें. फिर एक गीले कपड़े से पोंछ लें. बिना रगड़े मैल साफ हो जाएगी.
टूथब्रश से करें कोनों की सफाई: दरवाजों के डिजाइन या नक्काशी वाले कोनों में धूल फंस जाती है. इसके लिए किसी पुराने सॉफ्ट टूथब्रश को क्लीनिंग सॉल्यूशन में डुबोकर हल्के हाथों से कोनों की सफाई करें, जिससे कोनों में जमा कालापन आसानी से निकल जाए.
सूखे कपड़े से सुखाना न भूलें: दरवाजे को किसी भी गीले घोल से साफ करने के तुरंत बाद एक सूखे और साफ माइक्रोफाइबर कपड़े से जरूर पोंछें. लकड़ी पर ज्यादा देर पानी रहने से उसका पेंट या पॉलिश खराब हो सकती है. इसलिए उसे तुरंत सुखाना बेहद जरूरी है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क