आपने अपने घरों में अक्सर देखा होगा कि रोटी जल्दी ही 'पापड़' जैसी सख्त हो जाती है. क्या आपके साथ भी ऐसा होता है? घर पर ये समस्या बहुत ही नॉर्मल है, जबकि ढाबे की रोटी रुई जैसी मुलायम और फूली-फूली रहती है. रोटी के साथ ही नहीं घर की पूरियों के साथ भी समस्या देखने को मिलती है. जहां रोटियां कड़क हो जाती है, वहीं लाख कोशिशों के बाद भी पूड़ियां कड़ाही में उस तरह नहीं फूलतीं जैसे किसी हलवाई की दुकान पर होती हैं.
अक्सर आपको लगता है कि गलती तवे या आंच की है, लेकिन रोटी के कड़क होने और पूड़ी के न फूलने का असली राज आटा गूंधने में छिपा है. आप रोटी और पूड़ी का आटा गूंधने में हमेशा गलती करते हैं, जिसकी वजह से आपको मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पाता. दरअसल, आप रोटी और पूड़ी का आटा एक ही तरह से गूंधकर सारा स्वाद खराब कर देते हैं. हकीकत ये है कि रोटी और पूड़ी का आटा अलग-अलग तरह से गूंधा जाता है. दोनों के आटा गूंधने के लिए पानी की मात्रा भी अलग होती है. चलिए जानते हैं कैसे गूंधा जाता है रोटी और पूड़ी का आटा.
रोटी के लिए कैसा आटा गूंधें?
रोटी खाने का असली मजा तभी आता है जब वो सॉफ्ट-सॉफ्ट और फूली हुई हो. अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी रोटी हमेशा सॉफ्ट और फूली हुई बने तो उसका आटा हमेशा सॉफ्ट और चिकना गूंधें. इसके लिए आपको आटे में कुछ खास डालने की जरूरत नहीं है. आटा को पानी गूंधना ही काफी है. अगर आप चाहें तो हल्का नमक डाल सकते हैं. गूंधने के बाद 15–20 मिनट ढककर जरूर रखें. इससे आटा अच्छे से सेट हो जाता है और रोटी अच्छी फूलेती है. लेकिन ध्यान रहे कि सॉफ्ट आटा गूंधने का मतलब ये नहीं है कि आप उसे ज्यादा चिपचिपा कर दें. रोटी का आटा न तो ज्यादा टाइट होने चाहिए और न ही चिपचिपा.
फूली-फूली और क्रिस्पी पूड़ी बनाने के लिए कैसा आटा गूंधें?
फूली-फूली और क्रिस्पी पूड़ी बनाने का सबसे बड़ा सीक्रेट है कि उसका आटा सख्त गूंधा गया हो. अगर आटा नरम होगा तो पूड़ी ज्यादा तेल सोखेगी और ठीक से फूलेगी भी नहीं, जबकि सख्त आटे की पूड़ी अच्छी तरह फूलती है और क्रिस्पी बनती है.
ध्यान रखें कि आटा गूंधते समय उसमें थोड़ा तेल और नमक जरूर मिलाएं, इससे बेलते वक्त सूखा आटा लगाने की जरूरत नहीं पड़ती, तेल भी साफ रहता है और पूड़ी क्रिस्पी और फूली हुई भी बनती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क