उत्तराखंड के देहरादून स्थित विकासनगर के बैरागीवाला इलाके में हुए विनोद कश्यप हत्याकांड मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में वांछित चल रहे आरोपी इम्तियाज को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है. इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या 5 हो गई है. पुलिस के अनुसार, इससे पहले इस हत्याकांड में रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार किया जा चुका था. अब इम्तियाज की गिरफ्तारी के बाद जांच और तेज हो गई है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और उनके नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है.
यह घटना बीते शनिवार देर रात की है, जब विकासनगर के बैरागीवाला इलाके में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी. इसी दौरान भाजपा नेता विनोद कश्यप की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था.
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और कई आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया. अब तक पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, जबकि सात आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है. ये टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि सभी फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.
फरार 7 आरोपियों की तलाश में कई टीमों की तैनाती
इसके साथ ही पुलिस ने यह भी बताया है कि इस मामले में करीब 30 अन्य लोगों की पहचान की जा रही है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है. जांच के दायरे को और बढ़ाया गया है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को सामने लाया जा सके. स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि बहुत जल्द सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.
30 लोगों की भूमिका जांच के घेरे में, खुल सकते हैं नए राज
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी. वहीं स्थानीय लोगों और संगठनों में इस घटना को लेकर आक्रोश देखा गया था, जिसके बाद आरोपियों के घरों पर कार्रवाई भी की गई. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर कड़ी को जोड़कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है.
अंकित शर्मा