देशभर में मौसम अलग-अलग रूप दिखा रहा है. कहीं भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं धूलभरी आंधी और बारिश से राहत मिलने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आज (16 मई) कई राज्यों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.
इन इलाकों में दिन के समय तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिससे गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं. पश्चिमी राजस्थान में कुछ जगहों पर सीवियर हीटवेव की चेतावनी भी दी गई है. वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का रुख थोड़ा बदल सकता है.
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. तेज हवाएं चलने से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है, लेकिन उमस बनी रह सकती है. पूर्वोत्तर भारत और हिमालयी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत अधिक सक्रिय रहेगा.
सिक्किम, असम और उत्तर बंगाल में मध्यम से भारी बारिश के कुछ दौर देखने को मिल सकते हैं. इसके साथ ही कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं. दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है. इससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिन पश्चिम और मध्य भारत के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और अधिक महसूस होगी.
aajtak.in