सिक्किम के पश्चिमी हिस्से में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन हो गया, जिससे ग्यालशिंग-लेगशिप मार्ग बुधवार को पूरी तरह बाधित हो गया. इस वजह से पश्चिम सिक्किम जिला मुख्यालय का राज्य के बाकी हिस्सों से संपर्क कट गया है. ग्यालशिंग में पिछले 24 घंटों में 95.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. तेज बारिश के चलते भारी मात्रा में मलबा और विशाल चट्टानें सड़क पर आ गिरीं, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई.
जिलाधिकारी तेनजिंग डेंजोंगपा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे भूस्खलन की सूचना मिली थी. सबसे बड़ा भूस्खलन ग्यालशिंग शहर से करीब दो किलोमीटर दूर ओमचुंग इलाके में हुआ. ग्यालशिंग-लेगशिप मार्ग बंद होने के बाद प्रशासन ने पूरी रात जेसीबी और खुदाई मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी रखा. हालांकि लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं.
यह भी पढ़ें: भारी बारिश के बाद अरुणाचल में भूस्खलन, हर तरफ दिखा मलबे का सैलाब
जिला परिषद सदस्य सागर शर्मा ने बताया कि इस हाईवे कॉरिडोर पर कम से कम तीन जगह भूस्खलन हुआ है. इनमें ओमचुंग के पास बड़ा भूस्खलन, मुख्य स्लाइड जोन के नीचे दूसरा और लेगशिप के पास तीसरा भूस्खलन शामिल है. उन्होंने कहा, 'हर मानसून में इस सड़क पर भूस्खलन की समस्या सामने आती है. इस मुद्दे को DISHA मॉनिटरिंग कमेटी की बैठकों में कई बार उठाया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान और सुरक्षा उपाय लागू नहीं हो पाए हैं.'
यह भी पढ़ें: मॉनसून की पहली बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार, कई इलाकों में जलभराव
ग्यालशिंग-लेगशिप सड़क पश्चिम सिक्किम जिले की मुख्य लाइफलाइन मानी जाती है. इसी मार्ग से यात्रियों, जरूरी सामानों और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही होती है. वैकल्पिक रास्ता नहीं होने के कारण सड़क बंद होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं और स्थानीय निवासियों में चिंता का माहौल है.
aajtak.in