SIR Impact: क्या वोटर लिस्ट में नाम कटने से टीएमसी को हुआ नुकसान? जानें क्या कहते हैं आंकड़े

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले लगभग 10 प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटाए गए, जिसका टीएमसी ने विरोध जताया था. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, जिन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नाम हटाए गए, वहां टीएमसी का प्रदर्शन बेहतर रहा, जबकि कम कटौती वाले क्षेत्रों में टीएमसी को ज्यादा नुकसान हुआ.

Advertisement
टीएमसी को SIR कटौती वाली सीटों पर फायदा मिला. (Photo- ITGD) टीएमसी को SIR कटौती वाली सीटों पर फायदा मिला. (Photo- ITGD)

दीपू राय / मयंक मिश्रा

  • कोलकाता,
  • 05 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:28 PM IST

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने टीएमसी के हाथ से बंगाव छीन लिया है. बीजेपी की प्रचंड जीत के साथ यहां टीएमसी के 15 साल पुराने राज का अंत हो गया है. ऐसे में सवाल ये है कि क्या टीएमसी की इस करारी हार के पीछे SIR की अहम भूमिका है?

बंगाल में चुनावों से ठीक पहले चुनाव आयोग के मतदाता सूची में किए गए सुधार (SIR) को लेकर काफी विवाद हुआ. चुनाव आयोग ने चुनाव से पहले राज्य की मतदाता सूची से लगभग 10 प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटा दिए थे. इसका टीएमसी ने काफी विरोध भी किया था.

Advertisement

टीएमसी ने आरोप लगाया था कि ये प्रक्रिया जानबूझकर उनके समर्थकों को निशाना बनाने के लिए की गई थी. लेकिन आंकड़ों का विश्लेषण एक अलग और जटिल कहानी पेश करता है.

आंकड़ों की जुबानी: जीत और हार का अंतर

चुनाव नतीजों के मुताबिक, बीजेपी को लगभग 46 प्रतिशत वोट मिले, जबकि टीएमसी को 41 प्रतिशत वोटों से संतोष करना पड़ा. बीजेपी की जीत का अंतर काफी बड़ा रहा. बीजेपी ने 207 सीटें जीतीं, जबकि टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई. 26 सीटों पर बीजेपी की जीत का अंतर 20 से 30 प्रतिशत के बीच था. 116 सीटों पर जीत का अंतर 10 से 20 प्रतिशत रहा. 2024 के लोकसभा चुनाव की तुलना में मतदाता सूची में लगभग 10 प्रतिशत की गिरावट आई.

(Photo- ITGD)

क्या 'वोटर लिस्ट' ने बदला परिणाम?

सीट-वार विश्लेषण से पता चलता है कि जिन सीटों पर टीएमसी ने 2021 में जीत हासिल की थी, वहां बीजेपी वाली सीटों की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 1.7 प्रतिशत ज्यादा कटौती हुई. दिलचस्प बात ये है कि जिन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नाम काटे गए, वहीं टीएमसी का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा.

Advertisement

उन 21 सीटों पर जहां 20 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए थे, उनमें से आधी से भी कम सीटें बीजेपी के खाते में गईं. ये बीजेपी की राज्यव्यापी सफलता दर (63%) से काफी कम है. जबकि जिन सीटों पर सिर्फ 0-5 प्रतिशत नाम काटे गए थे, वहां बीजेपी ने 86 प्रतिशत सीटों पर जीत हासिल की.

(Photo- ITGD)

टीएमसी के गढ़ में दिखा 'फायरवॉल' असर

आंकड़ों के मुताबिक, 2021 में टीएमसी की जीती गई सीटों पर औसतन 28,019 मतदाताओं के नाम कटे, जबकि बीजेपी की सीटों पर ये संख्या 23,834 थी. सबसे ज्यादा कटौती वाले 20 निर्वाचन क्षेत्रों में से 18 सीटों पर 2021 में टीएमसी के विधायक थे.

मुर्शिदाबाद और मालदा जैसे क्षेत्र, जहां टीएमसी को बंगाली मुस्लिम मतदाताओं का मजबूत समर्थन मिलता है, वहां सबसे ज्यादा नाम हटाए गए. उदाहरण के तौर पर, मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज में सबसे ज्यादा 86,000 से ज्यादा नाम हटाए गए. इसके बावजूद टीएमसी ने ये सीट बरकरार रखी, हालांकि उसकी जीत का अंतर 26,379 से घटकर 7,587 रह गया.

(Photo- ITGD)

निष्कर्ष: क्या रहा असर?

डेटा से साफ है कि मतदाता सूची से नाम हटने और चुनाव परिणामों के बीच कोई सीधा संबंध नहीं दिखता. जहां सबसे कम नाम कटे, वहां टीएमसी को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ. वहीं, जहां भारी कटौती हुई, वहां टीएमसी अपनी पकड़ मजबूत रखने में सफल रही.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बंगाल में BJP की जीत पर सचिवालय नबन्ना में जश्न, कर्मचारी बोले- 15 साल के कुशासन से मुक्ति मिली

विशेषज्ञों का मानना है कि मुर्शिदाबाद, मालदा और कोलकाता के कुछ हिस्से टीएमसी के ऐसे मजबूत गढ़ (Firewall) साबित हुए जिन्होंने बीजेपी की लहर को रोक दिया, भले ही वहां मतदाताओं की संख्या कम हो गई थी. ये आंकड़े टीएमसी के इस दावे का समर्थन तो करते हैं कि उनके गढ़ों में ज्यादा नाम कटे, लेकिन ये साबित नहीं करते कि इसी वजह से उनकी हार हुई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement