'1 साल में विदाई तय...' राहुल गांधी के दावे पर BJP का पलटवार, नेताओं का आरोप- अराजकता फैलाने की कोशिश

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी की एक आंतरिक बैठक में दावा किया कि देश में बढ़ते आर्थिक असंतोष और वैश्विक हालातों के कारण मोदी सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी. इस बयान पर बीजेपी नेताओं ने चौतरफा पलटवार किया है.

Advertisement
राहुल गांधी के बयान को पीयूष गोयल ने बताया देश के खिलाफ बड़ी साजिश (File Photo) राहुल गांधी के बयान को पीयूष गोयल ने बताया देश के खिलाफ बड़ी साजिश (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 24 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:20 PM IST

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के एक नए बयान ने देश की राजनीति में भारी गर्माहट पैदा कर दी है. राहुल गांधी का दावा है कि 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार अगले एक साल के भीतर गिर जाएगी'. इस दावे के सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता पूरी तरह भड़क गए हैं. बीजेपी ने उनके इस बयान पर तीखा पलटवार किया है. पार्टी के बड़े नेताओं ने उन पर देश के भीतर जानबूझकर अराजकता फैलाने की बड़ी साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है.

Advertisement

दरअसल, यह पूरा विवाद कांग्रेस पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग की एक बैठक के बाद शुरू हुआ. राहुल गांधी ने इस मीटिंग में कांग्रेस नेताओं से कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक हालात बदल रहे हैं. इसी वजह से देश में महंगाई और आर्थिक असंतोष बढ़ रहा है, जो आने वाले समय में मोदी सरकार की विदाई का कारण बनेगा. उन्होंने साफ शब्दों में भविष्यवाणी कर दी कि यह सरकार सालभर से ज्यादा नहीं टिकने वाली है.

जैसे ही राहुल गांधी का यह बयान सामने आया, रविवार को बीजेपी ने उन पर चौतरफा हमला बोल दिया. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह कोई आम बयान नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस सीधे चुनाव में बीजेपी को नहीं हरा पा रही है, तो वह देश में हिंसा और नफरत भड़काने की कोशिश कर रही है. गोयल ने इसे कांग्रेस, कुछ विपक्षी दलों और विदेशी ताकतों का एक बड़ा टूलकिट (सोचा-समझा प्लान) बताया, जो भारत को आगे बढ़ता हुआ नहीं देखना चाहते.

Advertisement

बीजेपी बोली- राहुल गांधी देख रहे मुंगेरीलाल के हसीन सपने

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तो राहुल गांधी के इस दावे का जमकर मजाक उड़ाया. उन्होंने हंसते हुए कहा कि बचपन में टीवी पर एक सीरियल आता था, जिसका नाम था 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने'. राहुल गांधी का यह बयान भी बिल्कुल वैसा ही है, जो सिर्फ उनकी कल्पनाओं में सच हो सकता है. हकीकत से इसका कोई लेना-देना नहीं है. फडणवीस ने साफ किया कि एनडीए की सरकार पूरी तरह मजबूत है और अपना कार्यकाल पूरा करेगी.

वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा. उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक विभाग की बैठक में ऐसी बातें कहना यह दिखाता है कि राहुल गांधी सिर्फ अराजकता के रास्ते सरकार को गिराना चाहते हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि देश की जनता उनकी इस साजिश को कभी कामयाब नहीं होने देगी, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी को लोगों का पूरा आशीर्वाद और अटूट विश्वास हासिल है. सरकार लगातार देशहित में और विकास के काम करती रहेगी.

इस पूरे घमासान में बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन भी पीछे नहीं रहे. उन्होंने दिल्ली में एक बयान जारी कर राहुल गांधी की भाषा पर कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज के समय में खुद को 'मुस्लिम लीग' की तरह पेश कर रही है. पार्टी केवल एक खास समुदाय को भड़काने की राजनीति में जुटी है, जो कि देशहित में बिल्कुल नहीं है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी लोकतांत्रिक तरीके से चुनकर आए हैं और लोगों के दिलों में बसते हैं. कुल मिलाकर, राहुल गांधी के इस एक बयान ने देश की सियासत को पूरी तरह गरमा दिया है और यह जुबानी जंग थमती हुई नहीं दिखाई दे रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »