देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से महंगाई की मार और तेज हो गई है. महज 10 दिनों में तेल कंपनियों ने चौथी बार दाम बढ़ाकर आम लोगों को बड़ा झटका दिया है. बता दें, 15 मई को ईंधन के दामों में पहली बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद यह सिलसिला लगातार जारी है. पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर अब विपक्ष ने सरकार पर कई सवाल खड़े किए हैं.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'महंगाई मैन' मोदी ने 11 दिनों में पेट्रोल-डीजल 8 रुपये महंगा कर दिया. पार्टी ने कहा कि आज फिर पेट्रोल पर 2.87 रुपये और डीजल पर 2.80 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अपने पूंजीपति दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए मोदी सरकार जनता की जेब पर बोझ डाल रही है.
वहीं, आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने एक्स पर लिखा कि मोदी सरकार जनता को तिल-तिल मार रही है. उन्होंने लिखा, पिछले 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 7.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. अनुराग ढांडा ने बताया कि दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के पार पहुंच गई है, जहां पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है.
उन्होंने कीमतों का जिक्र करते हुए बताया कि 15 मई को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई. इसके बाद 19 मई को दाम में 90 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया. वहीं, 23 मई को पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
हर दिन क्यों बढ़ रही कीमतें?
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने एक्स पर लिखा, Why हरदीप सिंह पुरी Why? सरकारी तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने वित्त वर्ष 2025-26 में भारी मुनाफा कमाया. तीनों ओएमसी ने वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में 130% की वृद्धि दर्ज करते हुए कुल 77,280.65 करोड़ रुपये का लाभ कमाया.
मनीष तिवारी ने कहा कि यहां जनवरी-मार्च 2026 की चौथी तिमाही में, जब इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया, तब भी तीनों ओएमसी का मुनाफा कमाया, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 40% अधिक था.
उन्होंने कहा कि जब इन ओएमसी ने इतना अधिक मुनाफा कमाया है, तो पेट्रोल और डीजल की कीमतें हर दिन धीरे-धीरे क्यों बढ़ रही हैं?
aajtak.in