आंध्र प्रदेश सरकार ने ड्यूटी से बिना अनुमति लंबे समय तक गायब रहने वाले 43 सरकारी डॉक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने बुधवार को बताया कि इन डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सिविल असिस्टेंट सर्जन के पद पर काम कर रहे इन डॉक्टरों के खिलाफ नियमों के तहत ये कदम उठाया गया है. सरकार का कहना है कि ये डॉक्टर बिना किसी सूचना या अनुमति के काफी समय से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से दूर थे.
स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने बताया कि इनमें से कुछ डॉक्टर तो पिछले चार साल से अपनी ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे. इसे देखते हुए सरकार ने पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उन्हें सेवा से हटाने का फैसला किया है.
यह भी पढ़ें: पानी-पूरी खाने से बिगड़ी तबीयत! 20 से ज्यादा बच्चे अस्पताल में भर्ती
अन्य डॉक्टरों पर भी कार्रवाई
इसके अलावा, मई में भी चिकित्सा शिक्षा निदेशक के तहत आने वाले टीचिंग अस्पतालों के 51 डॉक्टरों को काम से हटाया गया था. इन डॉक्टरों पर भी लंबे समय तक गैरहाजिर रहने और अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप था.
राज्य सरकार का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर तरीके से चलाने के लिए नियमों का पालन जरूरी है. इसी के तहत बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है.
aajtak.in