कलकत्ता हाईकोर्ट ने LoP नियुक्ति पर फिलहाल कोई स्टे लगाने से इनकार कर दिया है. यानि ऋतब्रत बनर्जी नेता प्रतिपक्ष बने रहेंगे. वहीं, सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई टल गई है. इन खबरों के अलावा, कांग्रेस ने TMC के साथ संभावित विलय की अटकलों को खारिज करते हुए ऐसी खबरों को बेबुनियाद अफवाह बताया है. पढ़ें. गुरुवार शाम की बड़ी खबरें.
कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति पर फिलहाल कोई स्टे लगाने से इनकार कर दिया है. स्पीकर द्वारा ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किए जाने के खिलाफ ममता बनर्जी गुट के टीएमसी नेता अदालत पहुंचे थे. हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद ऋतब्रत बनर्जी नेता प्रतिपक्ष बने रहेंगे.
जैकलिन फर्नांडीस की याचिका पर SC में आज नहीं हो सकी सुनवाई, जज ने मामले से खुद को किया अलग
सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई टल गई है. सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा ने इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है. अब इस मामले की सुनवाई 24 जून को सुप्रीम कोर्ट की एक दूसरी बेंच करेगी.
'बेबुनियाद अफवाहें...', कांग्रेस ने TMC के साथ विलय की चर्चा को किया खारिज
कांग्रेस ने TMC के साथ संभावित विलय की अटकलों को खारिज करते हुए ऐसी खबरों को बेबुनियाद अफवाह बताया है. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के साथ हाल ही में हुई बैठक में बातचीत सिर्फ राष्ट्रीय मुद्दों तक सीमित थी और इसमें दोनों पार्टियों के विलय पर कोई चर्चा नहीं हुई.
गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों के लिए हुए चुनाव में BJP के सभी चार उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं. वहीं, मीनाक्षी नटराजन मामले में सुप्रीम कोर्ट के रुख के बाद MP राज्यसभा चुनाव के नतीजे भी निर्विरोध तय हो गए हैं, जहां बीजेपी के तीनों उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है. इस मामले में कोर्ट ने चुनावी प्रक्रिया में दखल देने से साफ इनकार कर दिया है.
कर्नाटक में 'गृह लक्ष्मी' योजना से कटे एक लाख महिलाओं के नाम
कर्नाटक सरकार ने अपनी प्रसिद्ध गृह लक्ष्मी योजना से करीब एक लाख महिलाओं के नाम लाभार्थियों की सूची से हटा दिए हैं. सरकार का कहना है कि योजना को पूरी तरह पारदर्शी और सही बनाने के लिए ये कदम उठाया गया है. इस योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा घर की महिला को हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है.
ओमान के पास जहाज पर हुए हमले में लापता तीनों भारतीयों के मिले शव
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास 'एमटी सेटेबेलो' नाम के एक समुद्री जहाज पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है. केंद्रीय बंदरगाह, शिपिंग एंड वॉटरवेज मिनिस्टर सर्बानंद सोनोवाल ने इसकी पुष्टि की है. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस पूरे हादसे को भारत के समुद्री परिवार के लिए एक बड़ा नुकसान बताया है.
भारतीय आमों की एंट्री पर यू-टर्न, नेपाल बोला - कोई बैन नहीं, नियमों के तहत जारी है आयात
नेपाल सरकार ने साफ किया है कि भारतीय आमों के आयात पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है. नेपाल सरकार ने कहा कि मांग और निर्धारित नियमों के तहत भारतीय आमों को बाज़ार में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है. कुछ दिन पहले नेपाल के अधिकारियों ने कहा था कि भारतीय आमों में बहुत अधिक कीटनाशक पाए गए हैं. इस वजह से भारतीय आमों को रोक दिया गया था.
मल्लिकार्जुन खड़गे पर चुनावी हलफनामे में जानकारी छिपाने का आरोप, शिकायत दर्ज
कर्नाटक विधानसभा सचिवालय में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है. आरोप है कि खड़गे ने राज्यसभा चुनाव के दौरान अपने चुनावी हलफनामे में सिद्धार्थ विहार ट्रस्ट की लगभग 36.86 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा नहीं किया. ये शिकायत सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश कल्लाहल्ली ने दर्ज कराई है.
पूर्व भारतीय कप्तान और महान बल्लेबाज़ राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया की अंडर-19 वनडे टीम में शामिल किया गया है. वहीं, MP के यशबर्धन सिंह चौहान को टीम की कप्तानी सौंपी गई है. यह दौरा 4 जुलाई 2026 से श्रीलंका के हंबनटोटा में शुरू होगा, जिसमें तीन वनडे और दो मल्टी-डे मुकाबले खेले जाएंगे.
135 NBFC का रजिस्ट्रेशन रद्द... RBI के एक्शन से मचा हड़कंप, बंगाल में सबसे ज्यादा
RBI ने 135 एनबीएफसी के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट रद्द कर दिए हैं. RBI ने बुधवार को जारी एक प्रेस रिलीज में इसके बारे में बताते हुए पूरी लिस्ट जारी की है. गौरतलब है कि नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियां ऐसे फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस होते हैं, जो आम बैंकों की तरह ही ग्राहकों को लोन देने, शेयर/बॉन्ड में निवेश करने, और अन्य वित्तीय सेवाएं मुंहैया कराते हैं.
aajtak.in