'कंफर्म करें कहीं नहीं जा रहे', गायब सांसदों को मैसेज, बंगाल टाइप 'खेला' से उद्धव परेशान

बंगाल वाला सियासी डर अब मुंबई पहुंच गया है. बंगाल के घटनाक्रम से उद्धव इतने परेशान हुए हैं कि उन्हें सांसदों से अपील करनी पड़ी है कि वे जहां भी हैं अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए बयान जारी करें. शिवसेना (यूबीटी) चीफ ने कहा कि सांसदों के मौजूद न होने से गलत संदेश गया है.

Advertisement
उद्धव की मीटिंग से 5 सांसद गायब रहे. (File Photo: PTI) उद्धव की मीटिंग से 5 सांसद गायब रहे. (File Photo: PTI)

ऋत्विक भालेकर

  • मुंबई,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:26 PM IST

"जब भी मैं फ़ोन करूं, तो कृपया पक्का करें कि आप बात करने के लिए उपलब्ध हों. मैं समझता हूं कि आज आपकी अनुपस्थिति के जो निजी कारण आपने बताए, वे सही हैं. लेकिन हमारे पांच सांसदों के व्यक्तिगत रूप से मौजूद न होने से गलत असर पड़ता है. इसलिए, आप अभी जहां भी हैं, कृपया प्रेस के लिए एक औपचारिक बयान जारी करें."

Advertisement

अपनी पार्टी के भविष्य को लेकर चिंता भरे ये बयान शिवसेना- यूबीटी चीफ उद्धव ठाकरे के हैं. उद्धव ने अपनी पार्टी के 5 सांसदों को तत्काल हाजिर होने का निर्देश दिया और कहा है कि वे तत्काल अपनी वफादारी साबित करें. 

शिवसेना यूबीटी के 5 सांसद कहां हैं? क्या ये सांसद उद्धव ठाकरे के साथ मौजूद हैं भी या बंगाल की तरह यहां की राजनीति में भी कुछ 'खेला' होने वाला है. अब पार्टी की तस्वीर साफ करने के लिए खुद उद्धव ठाकरे ने मोर्चा संभाला है. 

उद्धव ने पार्टी की मीटिंग से गायब 5 सांसदों से कहा है कि वे तत्काल अपनी स्थिति साफ करें. 

उद्धव की मीटिंग, गायब 5 सांसद

दरअसल कुछ ही दिन पहले उद्धव ठाकरे ने पार्टी की मीटिंग बुलाई थी. उद्धव की पार्टी के 9 सांसद हैं, लेकिन मातोश्री में केवल 4 लोकसभा सांसद ही हाजिर हुए. बंगाल के सियासी माहौल को देखते हुए इन 5 सांसदों को लेकर कयास लगाने जाने लगे. 

Advertisement

बता दें कि ठीक इसी तरह पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजे के बाद टीएमसी के बागी सांसद ममता की मीटिंग में नहीं पहुंचे थे. इसके बाद से टीएमसी में टूट की शुरुआत हो गई थी.

शिवसेना (यूबीटी) के पांच सांसद जो मीटिंग में नहीं पहुंचे. उनमें ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश पाटिल अष्टिकर, संजय देशमुख और संजय जाधव शामिल हैं. 

उद्धव ठाकरे ने इन्हीं सांसदों को संबोधित किया है. उन्होंने कहा कि, 'आपकी अनुपस्थिति के जो निजी कारण आपने बताए, वे सही हैं. लेकिन हमारे पांच सांसदों के व्यक्तिगत रूप से मौजूद न होने से गलत असर पड़ता है. इसलिए, आप अभी जहां भी हैं, कृपया प्रेस के लिए एक औपचारिक बयान जारी करें.' 

उद्धव ने आगे कहा कि,  'आप अपनी गैरमौजूदगी के कारणों को स्पष्ट करें, साफ तौर पर कहें कि आप मजबूती से मेरे साथ हैं, और पुष्टि करें कि आप कहीं नहीं जा रहे हैं. हम किसी भी तरह के संदेह या भ्रम को नहीं बढ़ने दे सकते, क्योंकि इससे पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया में तरह-तरह की अफ़वाहें फैलती हैं.'

उद्धव ने कहा कि वे चाहते हैं कि अगले दो-तीन दिनों में आप सभी सांसद 'मातोश्री' पर व्यक्तिगत रूप से मिलें ताकि हम बैठकर बात कर सकें. आख़िर में पक्का करें कि आज रात ज़ूम कॉल में हर कोई ज़रूर शामिल हो. 

Advertisement

हमारा बाघ जिंदा है: राउत

इस बीच शिवसेना नेत संजय राउत ने कहा है कि शिंदे गुट और BJP बुरी तरह डरे हुए हैं, इसलिए वे हताशा में झूठी खबरें फैला रहे हैं. हमारे सभी सांसद चट्टान की तरह शिव सेना के साथ खड़े हैं. और उनका तथाकथित 'ऑपरेशन' पूरी तरह से फ्लॉप और बुरी तरह नाकाम रहा है. 

आगे संजय राउत ने कहा कि अब सावधान हो जाइए क्योंकि हम 'ऑपरेशन वुल्फ' शुरू कर रहे हैं! क्या आपको लगता है कि आप बाघ को पिंजरे में कैद कर सकते हैं? बाघ की आंखों में आंखें डालकर देखने के लिए भी आपको मीलों दूर से ट्रैंक्विलाइजर चलानी पड़ती है. हमारा बाघ ज़िंदा है, पूरी तरह सक्रिय है और खुले जंगल में आजादी से घूम रहा है.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »