मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने सोने की तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम कर दी. बैंकॉक से आए 25 साल के एक यात्री को खुफिया सूचना के आधार पर रोका गया. तलाशी ली गई तो उसके पास से 24 कैरेट का 1 किलो सोने का बार मिला, जिसकी कीमत करीब 1.23 करोड़ रुपये आंकी गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. अब जांच इस बात की हो रही है कि वह सिर्फ 'कैरियर' था या फिर इसके पीछे कोई नेटवर्क काम कर रहा है.
मुंबई एयरपोर्ट पर अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बैंकॉक से आने वाली फ्लाइट में एक यात्री सोने की तस्करी की कोशिश कर सकता है. केरल का रहने वाला 25 साल का अब्दुल रहूफ मामंतकाथ एयरपोर्ट पहुंचा, एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) के अधिकारियों ने उसे रोक लिया. इसके बाद उसकी जांच की गई.
कस्टम्स के मुताबिक, जांच के दौरान यात्री के पास से 24 कैरेट का 1 किलोग्राम सोने का बार बरामद हुआ. इसकी कीमत करीब 1.23 करोड़ रुपये है. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या अब्दुल रहूफ सिर्फ सोना पहुंचाने का काम कर रहा था, या फिर वह किसी बड़े तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा है?
यह भी पढ़ें: Most Wanted: सोने की तस्करी, दुबई-पाक कनेक्शन और संभल में साजिश... हैरान कर देगी शाकिर साठा की करतूत
इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए उसके मोबाइल फोन, यात्रा के रिकॉर्ड, संपर्कों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह सोना भारत में किसे सौंपा जाना था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं.
पिछले कुछ समय में बैंकॉक और दुबई जैसे शहरों से भारत आने वाली फ्लाइट्स पर सोने की तस्करी के कई मामले सामने आए हैं. कस्टम्स और डीआरआई लगातार ऐसे नेटवर्क पर नजर रखे हुए हैं. तस्कर अक्सर अलग-अलग तरीके अपनाकर सोना भारत लाने की कोशिश करते हैं, लेकिन खुफिया इनपुट और बढ़ी निगरानी की वजह से कई मामलों का खुलासा हो रहा है. फिलहाल मुंबई कस्टम्स का कहना है कि जांच शुरुआती दौर में है. अधिकारियों की कोशिश अब सिर्फ बरामद सोने तक सीमित नहीं, बल्कि उस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की है, जो इस तस्करी के पीछे हो सकता है.
दीपेश त्रिपाठी