मोबाइल पर गेम खेल रही थी मां, बेटी ने मांगा फोन तो कर ली खुदकुशी

फरीदाबाद से हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है. यहां 8 साल की एक बेटी ने अपनी मां से गेम खेलने के लिए मोबाइल मांगा तो महिला ने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

Advertisement
(सांकेतिक फोटो- गेटी) (सांकेतिक फोटो- गेटी)

सचिन गौड़

  • फरीदाबाद ,
  • 05 जनवरी 2024,
  • अपडेटेड 9:02 AM IST

हरियाणा के फरीदाबाद में मासूम बेटी ने गेम खेल रही मां से मोबाइल मांगा तो उसने खौफनाक कदम उठा लिया. गुस्से में मोबाइल फेंकने के बाद महिला ने बेटी से कहा कि मैं मर जाती हूं. तू खूब गेम खेलना. इसके बाद वो कमरे में गई और खुदकुशी कर ली. 

मामला ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी का है. यहां मूलचंद अपनी पत्नी सुशीला के साथ रहता है. उसकी शादीशुदा बेटी राधा (27 साल) अपनी 8 साल की बेटी के साथ मायके में ही रहती थी. मूलचंद ने बताया कि उसके फोन पर पत्नी ने कॉल की और जल्द से जल्द घर आने के लिए कहा. 

Advertisement

दरवाजा तोड़कर पिता कमरे में दाखिल हुआ तो होश उड़ गए

इसके कुछ देर बाद वो घर पहुंचा तो देखा कि राधा ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है. कई बार दरवाजे खटखटाया. मगर दरवाजा नहीं खुला. इस पर दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुआ तो उसके होश उड़ गए. बेटी ने अपनी चुन्नी से फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी थी. उसे नीचे उतारने के साथ ही पुलिस को सूचना दी.

मोबाइल फेंककर महिला बोली- मैं ही मर जाती हूं, खूब गेम खेलना

मूलचंद की पत्नी ने बताया कि राधा मोबाइल पर गेम खेल रही थी. उसकी 8 साल की इकलौती बेटी शिवानी ने भी गेम खेलने के लिए मां से फोन मांगा था. बस इसी बात को लेकर वो काफी गुस्से में आ गई और बेटी को मारने-पीटने लगी. इसके बाद मोबाइल फेंककर बेटी से कहा, मैं ही मर जाती हूं. तू खूब गेम खेलना. इसके बाद वो कमरे में चली गई और ये कदम उठा लिया.

Advertisement

दस साल पहले हुई थी शादी, पति से अलग रहती थी महिला

महिला अपने पति से अलग मायके में रह रही थी. पति से दहेज का केस चल रहा था. उसके पति कृष्ण ने बताया कि वो फरीदाबाद के मवई गांव का रहने वाला है. दस साल पहले उनकी शादी राधा से हुई थी. बीते दिन उसने कॉल करके घर बुलाया था. कहा था कि वो बीमार है. 

इसके बाद उससे मिलने बसेलवा कॉलोनी गया था. हाल-चाल जानने के बाद डॉक्टर से दवाई लाने की बात कहकर घर चला आया था. मगर, अगले दिन आत्महत्या करने की सूचना मिली. इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई नारायणदत्त ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल में रखवाया गया है. 

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement