दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस ने हिंसा और दंगा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं. दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने आजतक को बताया है कि प्रदर्शन के दौरान जो भी व्यक्ति दंगा या हिंसा करता हुआ पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तो की ही जाएगी, साथ ही उसका पासपोर्ट रद्द कराने की कार्रवाई भी की जाएगी.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसा में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सख्त रुख अपना रही हैं. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है जब जंतर-मंतर पर CJP का विरोध प्रदर्शन जारी है. सोमवार को प्रदर्शनकारियों की ओर से संसद की तरफ मार्च करने की कोशिश के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की खबर सामने आई थी और कई प्रदर्शनकारी तथा पुलिसकर्मी घायल हुए थे.
दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के इस सख्त संदेश के बाद अब प्रदर्शन के दौरान हिंसा करने वालों पर कार्रवाई को लेकर पुलिस की रणनीति स्पष्ट होती दिख रही है. हालांकि, पुलिस सूत्रों ने यह भी स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाएगी. कार्रवाई उन्हीं लोगों के खिलाफ होगी जो हिंसा, दंगा या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की गतिविधियों में शामिल पाए जाएंगे.
कनॉट प्लेस में दुकानें-रेस्टोरेंट शाम 6.30 बजे तक बंद
वहीं, प्रदर्शन के बीच दिल्ली के कनॉट प्लेस में दुकानें, कार्यालय और रेस्टोरेंट शाम 6.30 बजे तक बंद करने की एडवाइजरी जारी की गई है. नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने यह एडवाइजरी नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) की चेयरपर्सन और वाइस चेयरपर्सन की टेलीफोन पर दी गई सलाह के बाद जारी की.
व्यापारियों से अपील की गई है कि वे सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान शाम 6.30 बजे तक बंद कर दें. NDTA ने कहा कि कनॉट प्लेस के आसपास की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है, ताकि किसी अप्रिय घटना और संपत्ति के नुकसान या लोगों के घायल होने की आशंका को रोका जा सके.
17 मेट्रो स्टेशन बंद, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
प्रदर्शन के कारण दिल्ली मेट्रो की सेवाएं भी लगातार दूसरे दिन प्रभावित रहीं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से 17 स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखा. इनमें राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, सुप्रीम कोर्ट, मंडी हाउस, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट और शिवाजी स्टेडियम समेत कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं.
स्टेशनों के बंद होने से हजारों यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा. कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें ऑफिस और घर पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगा और यात्रा का खर्च भी बढ़ गया. सड़कों पर ट्रैफिक बढ़ने के कारण बस, ऑटो और कैब से सफर करने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
NSA की शक्ति 18 अक्टूबर तक बढ़ी
इस बीच दिल्ली के उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत निवारक हिरासत की शक्ति 18 अक्टूबर तक बढ़ा दी है. दिल्ली सरकार के गृह विभाग की ओर से 15 जुलाई को जारी अधिसूचना के मुताबिक, पुलिस आयुक्त को NSA की धारा 3 की उपधारा (2) के तहत यह शक्ति दी गई है.
हालांकि, एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक NSA के तहत निवारक हिरासत की यह शक्ति नियमित प्रक्रिया के तहत हर तीन महीने में बढ़ाई जाती है और मौजूदा प्रदर्शन के संदर्भ में इसके लिए कोई विशेष अनुरोध नहीं किया गया था.
दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा हालात में प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना है. पुलिस का कहना है कि हिंसा या दंगे में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में पासपोर्ट रद्द कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है.
अरविंद ओझा