यूट्यूबर अनुराग ने की सुसाइड की कोशिश, सितारों ने मांगी सलामती की दुआ, मुनव्वर फारूकी बोले- आत्महत्या हल नहीं

यूट्यूबर अनुराग डोबाल एक्सीडेंट के बाद अस्पताल में भर्ती हैं. उनका इलाज चल रहा है. कई सितारे अनुराग के सपोर्ट में आगे आ रहे हैं और उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं. मुनव्वर फारूकी और अली गोनी ने अनुराग को ट्रोल करने वालों की भी क्लास लगाई.

Advertisement
किस हाल में हैं अनुराग (Photo: Instagram/ @anurag_dobhal @munawar.faruqui @alygoni) किस हाल में हैं अनुराग (Photo: Instagram/ @anurag_dobhal @munawar.faruqui @alygoni)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 08 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:10 AM IST

UK07 राइडर के नाम से मशहूर और बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट रहे अनुराग डोबाल सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए हैं. इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीम के दौरान अनुराग की तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई. इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अनुराग हजारों फैंस संग बात करते हुए इमोशनल हो गए और तभी उनकी गाड़ी अचानक डिवाइडर से जा भिड़ी. ऐसे में कई लोगों का मानना है कि अनुराग ने आत्महत्या की कोशिश की है. अब कई सितारे अनुराग के सपोर्ट में आगे आ रहे हैं. 

Advertisement

अनुराग के लिए मुनव्वर का मैसेज

अनुराग ने दुर्घटना से पहले कई बार खुद यूट्यूब व्लॉग और इंस्टा पोस्ट के जरिए बताया कि वो डिप्रेशन में हैं. उन्होंने यूट्यूब चैनल पर दो घंटे लंबा एक वीडियो शेयर करके कहा था कि उनके माता-पिता ने उन्हें टॉर्चर कर रहे हैं. भाई भी उन्हें परेशान कर रहे हैं. घरवालों से परेशान होकर उनकी पत्नी घर छोड़कर चली गई हैं.  व्लॉग में अनुराग ने आत्महत्या करने के बारे में भी हिंट दिया था. वो रोते-बिलखते दिखे थे. 

अनुराग के वीडियो सामने आने के बाद फैंस ने जहां उन्हें सपोर्ट किया था, तो कई लोगों ने अनुराग को ट्रोल करते हुए कहा कि वो व्यूज के लिए नाटक कर रहे हैं. कई यूजर्स ने अनुराग के आंसुओं को झूठा बताकर उन्हें ट्रोल भी किया. ऐसे में अब मुनव्वर फारूकी और एक्टर अली गोनी अनुराग के सपोर्ट में आगे आए हैं. मुनव्वर और अली ने अनुराग के डिप्रेशन का मजाक उड़ाने और उन्हें ट्रोल करने वालों को खरी-खोटी सुनाई है. 

Advertisement

मुनव्वर ने अनुराग के सपोर्ट में कहा- हम हमेशा कहते हैं कि मेंटल हेल्थ सीरियस चीज है. कोई परेशान है तो उसके बारे में बात करो. मगर जब कोई इंसान अपनी मेंटल हेल्थ के बारे में बात करता है तो हम लोग उसका मजाक उड़ाते हैं. इंटरनेट को ये क्या बना दिया तुम लोगो ने. कोई परेशानी बता रहा है तो कह रहे हो व्यूज के लिए कर रहा है. कम से कम कंसीडर तो करो. लेकिन अगर व्यूज के लिए कोई नहीं कर रहा तो कौन जिम्मेदार होगा. 

 

मुनव्वर आगे बोले- किसी भी मर्द की जिंदगी में उसके परिवार की प्रॉब्लम से बढ़कर कुछ नहीं होता. प्लीज किसी को ट्रोल मत करो. जोक मारने के लिए कई चीजें मिल जाएंगी. इंटरनेट को ऐसा मत बनाओ कि किसी के दुख को देख ही नहीं पाओ. 

मुनव्वर ने आगे लोगों को समझाते हुए कहा- सुसाइड किसी चीज का हल नहीं है. अगर परेशान हो कोई भी प्रॉब्लम हो तो सुसाइड करने की कोशिश कभी मत करना. 

ट्रोल्स पर भड़के अली

अली गोनी ने वीडियो शेयर कर कहा- एक यूट्यूबर है अनुराग. उस लड़के ने वीडियो शेयर करके बताया कि उसकी लाइफ में क्या चल रहा है. लेकिन लोगों ने बदले में उसे क्या दिया? उसका मजाक उड़ाया, उसे ट्रोल किया. अब पता चला है कि उसने चलती हुई गाड़ी में सुसाइड करने की कोशिश की है. अनुराग को ट्रोल करने वालों को शर्म आनी चाहिए. आप सभी को ऊपरवाला देख रहा है. 

Advertisement

 

रजत दलाल ने भी वीडियो शेयर कर अनुराग को मैसेज देते हुए कहा कि परेशानी हर किसी जिंदगी में होती है. लेकिन सुसाइड करना किसी परेशान का हल नहीं है. 

 

 

अब कैसे हैं अनुराग डोबाल?

अनुराग के मैनेजर रोहित पांडे ने यूट्यूबर को लेकर अपडेट दिया है. उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर पोस्ट शेयर करके बताया है कि अनुराग इस समय ICU में हैं. अनुराग के मैनेजर ने बताया- उन्हें दूसरे हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है. फिलहाल वो ICU में हैं. उनके लिए प्रार्थना करें.

'हम डॉक्टर्स और बाकी लोगों के टच में हैं. हमें सपोर्ट करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद, खासकर उन फैंस का धन्यवाद जिन्होंने मुझे उनका पता लगाने और उनकी मदद करने में सहायता की. यही कमाया है UK भाई ने. आप नहीं होते तो क्या होता. जितना आप फैंस को थैंक्यू कहूं कम है. कुछ नहीं होने देंगे भाई को.'

 

बताया जा रहा है कि लाइव स्ट्रीम के दौरान अनुराग की गाड़ी 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दौड़ रही थी. उनकी हाई-स्पीड कार ने मेरठ एक्सप्रेसवे पर बैलेंस खो दिया और सीधे डिवाइडर से जा टकराई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement