साउथ सुपरस्टार विजय की फिल्म 'जन नायगन' रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है. इस बीच फिल्म के डायरेक्टर एच विनोद ने ऐसा बयान दिया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है. उन्होंने साफ कहा कि 'जन नायगन' को विजय की आखिरी फिल्म नहीं, बल्कि एक बैठे हुए मुख्यमंत्री की पहली फिल्म के तौर पर देखा जाना चाहिए.
'ये सिर्फ मसाला फिल्म नहीं, राजनीति पर बड़ा बयान है'
एक इंटरव्यू में एच विनोद ने कहा कि 'जन नायगन' कोई आम कमर्शियल फिल्म नहीं है. उन्होंने कहा- यह फिल्म सिर्फ विजय सर की तारीफ करने या उन्हें बड़ा दिखाने के लिए नहीं बनाई गई है. इसमें बेहद संवेदनशील राजनीतिक मुद्दों को दिखाया गया है.
डायरेक्टर के मुताबिक, फिल्म की कहानी लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करने वालों और उसे बचाने वालों की लड़ाई पर आधारित है. उन्होंने दावा किया कि फिल्म देखने के बाद लोगों के बीच राजनीति को लेकर बड़ी बहस शुरू हो सकती है.
'आधा घंटा ऐसा है, जिसे सालों तक समझ सकते हैं'
एच विनोद ने कहा कि फिल्म करीब दो घंटे की है, लेकिन उसका करीब 30 मिनट का हिस्सा बेहद गंभीर और दमदार है. उन्होंने कहा- अगर दर्शक उस हिस्से को ध्यान से देखेंगे तो हर बार कुछ नया समझ आएगा. उसमें इतना कंटेंट है कि उसे एक साल तक बैठकर समझा जा सकता है.
डायरेक्टर ने एक बड़ा खुलासा भी किया. उन्होंने बताया कि 'जन नायगन' की कहानी सबसे पहले विजय को नहीं, बल्कि एक दूसरे बड़े अभिनेता को सुनाई गई थी. हालांकि उन्होंने उस स्टार का नाम नहीं बताया.
विनोद ने कहा- मैंने जब उन्हें बताया कि यह एक राजनीतिक फिल्म है, तो उन्होंने पूछा- 'क्या ये हमारे यहां चलेगी?' मैंने कहा- पता नहीं, देखते हैं. इसके बाद उन्होंने इस फिल्म को करने की हिम्मत ही नहीं दिखाई.
फिल्म में दिखेगा मॉडर्न वॉरफेयर
डायरेक्टर ने विजय की मशहूर नेवेली रैली का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस दौरान विजय ने जो सेल्फी ली थी, उसे ही 'जन नायगन' का पहला लुक माना जाना चाहिए. उनके मुताबिक, फिल्म का टाइटल दो मतलब रखता है. जनता का हीरो, लोकतंत्र की रक्षा करने वाला हीरो.
एच विनोद ने बताया कि फिल्म में सिर्फ राजनीति ही नहीं, बल्कि आज के दौर की मॉडर्न वॉरफेयर भी दिखाई जाएगी. उन्होंने कहा कि लोग हर चीज को साइबर वॉर कह देते हैं, जबकि आज की असली लड़ाई ड्रोन और नई तकनीक के जरिए लड़ी जा रही है. उन्होंने यूक्रेन युद्ध और ईरान-अमेरिका तनाव का भी उदाहरण दिया.
रिलीज से पहले क्यों डरे हुए हैं डायरेक्टर?
विनोद ने माना कि वह फिल्म की रिलीज को लेकर काफी घबराए हुए हैं. उन्होंने कहा- यह कोई सामान्य फिल्म नहीं है. इसकी तुलना दूसरी फिल्मों के बॉक्स ऑफिस से नहीं की जा सकती. रिलीज कई बार टली, काफी लोगों ने पहले ही फिल्म देख ली और अब यह बेहद संवेदनशील माहौल में रिलीज हो रही है. डायरेक्टर ने फिल्म को मिले 'A' सर्टिफिकेट पर भी अफसोस जताया.
उन्होंने कहा- विजय सर की फिल्में देखने बच्चे भी आते हैं. लेकिन A सर्टिफिकेट की वजह से 18 साल से कम उम्र के दर्शक फिल्म नहीं देख पाएंगे. इसका दुख जरूर है.
'30 साल बाद भी याद रखी जाएगी ये फिल्म'
एच विनोद का कहना है कि 'जन नायगन' सिर्फ आज के लिए नहीं बनी है. उन्होंने दावा किया- जैसे कुछ फिल्में सालों बाद भी याद की जाती हैं, वैसे ही 10, 20 या 30 साल बाद भी 'जन नायकन' का मुद्दा उतना ही अहम रहेगा.
बता दें कि 'जन नायगन' में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और प्रियामणि भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह फिल्म 23 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क