जाने माने हॉलीवुड स्टार सैम नील अब हमारे बीच नहीं रहे. 78 साल की उम्र में उनका निधन हुआ है. सैम को जुरासिक पार्क सीरीज में डॉ. एलन ग्रांट के किरदार के लिए याद किया जाता है. 13 जुलाई को उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके परिवार ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान जारी कर एक्टर के निधन की पुष्टि की. हालांकि अभी मौत की वजह का खुलासा नहीं किया गया है.
सैम का निधन, सदमे में फैंस
सैम ने 2023 में स्टेज-3 एंजियोइम्यूनोब्लास्टिक टी-सेल लिम्फोमा नाम के रेयर ब्लड कैंसर होने की जानकारी दी थी. फैमिली के मुताबिक, निधन के वक्त सैम कैंसर फ्री थे. परिवार की तरफ से जारी किए बयान में बताया गया है कि 13 जुलाई को सिडनी में सैम का निधन हुआ. अपने आखिरी पलों में सैम परिवार के बीच थे. सैम का निधन अचानक हुआ, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी. वो कैंसर फ्री थे. फैमिली ने पोस्ट में प्राइवेसी की मांग की.
सैम के निधन की खबर सुनकर सोशल मीडिया पर जैसे मातम पसर गया. सेलेब्स और फैंस ने एक्टर को भावुक श्रद्धांजलि दी. हर कोई सैम को नम आंखों से याद करता हुआ नजर आया. उधर, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने X पर एक्टर को श्रद्धांजलि दी. उनकी आत्मा को शांति मिलने की बात लिखी. सैम के इंडस्ट्री में योगदान और शानदार काम की तारीफ की.
वर्कफ्रंट पर, सैम को जुरासिक पार्क फ्रेंचाइजी से लाइमलाइट मिली थी. इससे पहले भी वो कई मूवीज में काम कर चुके थे. लेकिन एलग ग्रांट का रोल उन्हें करियर में उन ऊंचाइयों पर लेकर गया जो किसी भी एक्टर का सपना होता है. सैम जुरासिक पार्क (1993) जुरासिक पार्क III (2001) और जुरासिक वर्ल्ड डोमिनियन (2022) में नजर आए थे. 1977 की मूवी स्लीपिंग डॉग्स से उनका एक्टिंग करियर शुरू हुआ था.
5 दशक से ज्यादा के लंबे करियर में सैम ने 150 से ज्यादा फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया था. उन्होंने डेड कैल्म, द हंट फॉर रेड अक्टूबर, द जंगल बुक, इन द माउथ ऑफ मैडनेस, इवेंट होराइजन, पीकी ब्लाइंडर्स, द ट्यूडर्स, द ट्वेल्व, द सिम्पसन्स जैसे प्रोजेक्ट्स किए थे. सैम को मिनी सीरीज राइली: ऐस ऑफ स्पाइज के लिए गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड का नॉमिनेशन भी मिला था.
सैम नील आज भले ही नहीं हैं. लेकिन अपने किरदारों के जरिए वो फैंस के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क