मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) पिछले कुछ वक्त में काफी ट्रोलिंग का सामना कर चुका है. मगर अब उसके कमबैक की बारी है. MCU एक के बाद एक दमदार प्रोजेक्ट्स ला रहा है. पिछले साल विजलांटी डेयरडेविल की वापसी हुई. 'डेयरडेविल बॉर्न अगेन' के पहले सीजन को काफी पसंद किया गया. अब दूसरा सीजन आ गया है, जिसकी शुरुआत और भी धमाकेदार हुई है.
डेयरडेविल वर्सेज किंगपिन
'डेयरडेविल बॉर्न अगेन' सीरीज की कहानी डेयरडेविल यानी वकील मैट मर्डॉक और किंगपिन यानी विल्सन फिस्क के बीच की लड़ाई है. डेयरडेविल एक विजलांटी है, जो बुरे लोगों को चुपचाप खत्म करता है. तो किंगपिन बुरे काम करने वालों का मसीहा है. वो आगे चलकर न्यूयॉर्क का मेयर बनता है और शहर के विजलांटी को खत्म करने की ठान लेता है. इस कहानी में कई सारे ट्विस्ट और सस्पेंस के साथ एक्शन-ड्रामा होता है.
पहले सीजन में डेयरडेविल किंगपिन के काले करतूतों का पर्दाफाश करने की कोशिश में लगा रहता है, जिसमें वो कुछ हद तक सफल होता है. मगर मेयर बन चुका किंगपिन इतनी आसानी से उसे जीतने नहीं देता. अपनी टास्क फोर्स की मदद से वो डेयरडेविल को जान से मारने की कोशिश करता है. लेकिन उसके साथी उसे बचा लेते हैं और वो अब कहीं छिपकर बैठा हुआ है. उसे किंगपिन की सच्चाई न्यूयॉर्क के सामने लानी है, ताकि वो मेयर की कुर्सी से हट जाए.
दमदार है नए सीजन का आगाज
'डेयरडेविल बॉर्न अगेन' सीजन 2 की शुरुआत इसी इरादे से होती है. डेयरडेविल, किंगपिन के हथियारों से लोड हुए जहाज को डूबाने में कामयाब होता है. इससे किंगपिन की मुसीबतें और टेंशन बढ़ जाती हैं. वो अब किसी भी कीमत पर डेयरडेविल का सिर चाहता है, जिसमें उसकी मदद करने एक और खिलाड़ी मिस्टर चार्ल्स आता है, जो एक सीआईए एजेंट है.
पहला एपिसोड काफी इंटेंस महसूस होता है. डेयरडेविल और किंगपिन की लड़ाई में काफी सारे पहलू डाले गए हैं, जो आपकी भी टेंशन को बढ़ाते हैं. डेयरडेविल की सच्चाई क्या है, ये शहर में कुछ लोगों के अलावा कोई और नहीं जानता है. अब एक साधारण सा वकील मैट मर्डॉक क्या अपनी पहचान छिपाते हुए किंगपिन के काले करतूतों को सामने ला पाएगा? यही सवाल पहला एपिसोड आपके मन में छोड़कर चला जाता है.
यहां देखें डेयरडेविल के नए सीजन का ट्रेलर:
डेयरडेविल की कहानी कई मायनों में जाननी बेहद जरूरी है. ये किरदार MCU का हिस्सा है और जल्द आने वाली 'स्पाइडरमैन: ब्रैंड न्यू डे' में भी नजर आ सकता है. वहीं ये भी माना जा रहा है कि डेयरडेविल को हम साल के अंत में आ रही 'अवेंजर्स: डूम्सडे' में भी देख सकते हैं.
पर्व जैन