रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' देश और दुनिया के बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. इस पिक्चर में लीड एक्टर्स के साथ-साथ सपोर्टिंग कास्ट को भी सराहा जा रहा है. इसमें रणवीर के किरदार जसकीरत सिंह रांगी के दोस्त गुरबाज सिंह उर्फ पिंडा का रोल निभाने वाले एक्टर उदयबीर संधु भी शामिल हैं.
पिंडा का रोल निभाने वाले एक्टर उदयबीर संधु को 'धुरंधर: द रिवेंज' के एक अहम मोमेंट के लिए खूब तारीफ मिल रही है. हाल ही में एक इंटरव्यू में उदयबीर ने अपने किरदार के रियल-लाइफ रेफरेंस, फिल्म के इंटरवल सीन और डायरेक्टर आदित्य धर से मिले प्रोत्साहन के बारे में खुलकर बात की.
पिंडा के पीछे रियल-लाइफ इंस्पिरेशन
फरीदून शाहयार के यूट्यूब चैनल पर हुई बातचीत में उदयबीर संधु से पूछा गया कि क्या उनका किरदार हरविंदर सिंह संधु उर्फ रिंदा से प्रेरित है. रिंदा की 2022 में पाकिस्तान में ड्रग ओवरडोज से मौत हो गई थी. पिंडा की तरह रिंदा भी हथियारों और ड्रग्स का स्मगलर था और कई अलग-अलग आतंकी संगठनों से उसके कनेक्शन थे. जवाब में उदयबीर ने कहा, 'नहीं. मैं तो ये पहली बार सुन रहा हूं. मुझे तो बस इतना बताया गया था कि ये दोस्त का रोल है. कहानी को और दिलचस्प बनाने के लिए, और ये दिखाने के लिए कि वो जसकीरत की जिंदगी में कैसे वापस आता है. मुझे नहीं लगता कि इसके लिए कोई रियल-लाइफ रेफरेंस है.'
'धुरंधर 2' में पिंडा को शुरुआती सीक्वेंस में जसकीरत सिंह रांगी के साथ हथियारों की डील के लिए जाते हुए दिखाया गया है. इसके बाद जसकीरत अपनी बहन को ढूंढने के लिए ढेरों लोगों की हत्या करता है. उसे पुलिस पकड़ लेती हैं और वो जेल चला जाता है. इस दौरान पिंडा ही जसकीरत के परिवार के साथ रहता है और उसकी बहन जसलीन से शादी कर लेता है. दशकों बाद पाकिस्तान में पिंडा की मुलाकात हमजा बन चुके जसकीरत से होती है. उस समय तक पिंडा पंजाब का सबसे बड़ा ड्रग लॉर्ड बन चुका होता है और खुद भारी मात्रा में ड्रग्स यूज करता है. नशे में धुत पिंडा, हमजा को पहचान लेता है. मगर फिर दोनों के बीच झगड़ा हो जाता है.
आदित्य धर ने कही थी बड़ी बात
आदित्य धर के साथ काम करने के अनुभव के बारे में उदयबीर बताया. एक्टर ने कहा कि उन्होंने इस फिल्म पर करीब दो साल काम किया है, क्योंकि वो उन चुनिंदा किरदारों में से एक थे, जो फिल्म के फ्लैशबैक और प्रेजेंट दोनों हिस्सों में अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने फिल्म के इंटरवल से पहले आए बाथरूम सीक्वेंस की शूटिंग को याद किया. उदयबीर ने बताया कि उस सीन को शूट करने के तुरंत बाद आदित्य धर ने उनकी तारीफ की थी.
उदयबीर ने कहा, 'मुझे पहली तारीफ आदित्य सर से ही मिली थी, ठीक उस बाथरूम सीन के बाद. हम पहले एयरपोर्ट और कार के सीन शूट कर चुके थे. वे नॉर्मल सीन थे, लेकिन ये बाथरूम सीन पूरी फिल्म और खासकर पिंडा के लिए सबसे महत्वपूर्ण सीन था. उसके बाद मैंने आदित्य सर से पूछा, 'कैसा रहा?' हम तब भी एक्शन पार्ट शूट कर रहे थे. उन्होंने कहा, 'तुम्हें पता नहीं तुमने क्या कर दिया'.'
उदयबीर की उड़ी नींद
बाथरूम सीन शूट करने के वक्त उदयबीर परेशान थे. इस बारे में उन्होंने कहा, 'हमने उस सीन की शूटिंग तीन दिन तक की थी और तीनों रात मैं सो नहीं पाया. पहली रात तो बस ये घबराहट थी कि अगले दिन बहुत जरूरी सीन है. साथ ही वो किरदार के लिए भी सूट कर रहा था, क्योंकि वो ड्रग यूजर है और हमें उसे थोड़ा जोन्ड आउट दिखाना था. लेकिन उसके बाद अगली दो रातें मैं बिल्कुल सो नहीं पाया.'
उदयबीर संधु ने अपने काम से दर्शकों के बीच अलग पहचान बना ली है. उनका रणवीर सिंह के साथ बाथरूम वाला सीन वायरल हो चुका है. एक्टर को खूब प्यार मिल रहा है. दूसरी तरफ 'धुरंधर 2', बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ रही है. इसने अपने पहले वीकेंड पर दुनियाभर में 700 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई की थी.
aajtak.in