बॉलीवुड रैपर बादशाह अक्सर विवादों से घिरे रहते हैं. कभी उनकी पर्सनल लाइफ सुर्खियों में रहती है, तो कभी उनके गानों पर कॉन्ट्रोवर्सी हो जाती है. पिछले महीने बादशाह के गाने 'टटीरी' पर बड़ा बवाल खड़ा हुआ था. गाने के कुछ लिरिक्स पर हरियाणा में राष्ट्रीय महिला आयोग ने आपत्ति भी जाहिर की थी.
देखते ही देखते बादशाह के खिलाफ हरियाणा के कई इलाकों में एफआईआर दर्ज हो गई. माहौल इतना गरमा गया कि रैपर को खुद सामने आकर माफी मांगनी पड़ी और सोशल मीडिया से अपने गाने को भी हटाना पड़ा. हालांकि अब पूरा मामला सुलझ चुका है. बादशाह की माफी को स्वीकार कर लिया गया है और 'टटीरी' का नया वर्जन भी जल्द रिलीज होना है.
बादशाह की कॉन्ट्रोवर्सी पर निकिता का बयान
रैपर बादशाह इससे पहले भी अपने गानों को लेकर फंस चुके हैं. अब उनके साथ हुई कॉन्ट्रोवर्सी पर सिंगर निकिता गांधी ने रिएक्ट किया है, जो बादशाह के साथ पहले कई गाने बना चुकी हैं. वैराइटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में सिंगर से पूछा गया कि बादशाह के साथ हुए विवाद के बाद, क्या पंजाबी म्यूजिक में कोई बदलाव की जरूरत है?
तो इसपर निकिता ने कहा, 'मेरी इस बारे में कोई खास राय नहीं है. हमने साथ में कुछ बहुत अच्छा काम किया है, और सच कहूं तो मुझे उनके लिए बहुत बुरा लग रहा है कि वो इस मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. मुझे लगता है कि इस बात को काफी हद तक गलत तरीके से समझा गया है. जिन बातों के लिए उन्हें दोषी ठहराया जा रहा है, मुझे नहीं लगता कि असल में वो उतना गलत है जितना लोग बता रहे हैं. और आप जानते हैं, बहुत से लोग ऐसे हैं जिन्होंने बहुत अजीब और गलत काम किए हैं, लेकिन उनमें से किसी को भी जवाबदेह नहीं ठहराया गया. इसलिए मुझे लगता है कि उन्हें टारगेट करना सच में गलत है.'
निकिता को सताई बादशाह की चिंता
निकिता ने आगे ये भी साफ किया कि वो सभी कलाकारों की तरफ से नहीं बोल सकती. वो ना तो राजनीति में पड़ती और ना ही ऐसी बातों में उलझती हैं. सिंगर का मानना है कि इसपर उनकी राय पर्सनल है, ठीक वैसा ही है जैसे वोटिंग. निकिता का कहना है कि वो एक कलाकार हैं और सिर्फ अपने म्यूजिक पर फोकस करना चाहती हैं. लोगों में खुशी बांटना चाहती हैं. इसलिए जब कोई कलाकार टारगेट किया जाता है और उसे उसकी कला से ज्यादा राजनीति में घसीटा जाता है, तो उन्हें बहुत तकलीफ होती है. निकिता को पूरी उम्मीद है कि बादशाह ठीक होंगे.
बात करें निकिता गांधी और बादशाह के गानों की, तो दोनों ने जुगनू, ओ सजना, जैसे सुपरहिट गाने दिए हैं. निकिता हाल ही में आई फिल्म भूत बंगला में भी अपनी आवाज दे चुकी हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क