बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान तीसरी बार अपना घर बसाने जा रहे हैं. 61 साल की उम्र में वो अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट संग शादी करेंगे, जिनकी उनसे काफी पुरानी दोस्ती रही. आमिर और गौरी पिछले कुछ सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे, मगर अब उन्होंने एक होने का फैसला किया है. 5 जुलाई, संडे को उनकी अपने ही घर में रजिस्टर्ड मैरिज होगी. आमिर के मुताबिक, वो एक छोटा सा सेलिब्रेशन रखेंगे, जिसमें उनके करीबी दोस्त और परिवार वाले ही मौजूद रहेंगे.
आमिर की शादी
आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में काफी उत्सुकता है. इंडिया टुडे/आजतक को मिली जानकारी के मुताबिक, सुपरस्टार की शादी में 150 के आसपास मेहमान होने की संभावना है. एक करीबी सूत्रों का कहना है,
शादी में करीब 100 से 150 मेहमान शामिल होंगे. इसमें दोनों परिवारों के लोग, करीबी दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री के कुछ खास लोग ही मौजूद रहेंगे. आमिर और गौरी ने खुद मेहमानों की लिस्ट तैयार की है और शादी के लंच का मेन्यू भी अपनी पसंद से चुना है.
शादी की रस्में दिन के पहले हिस्से में होंगी. आमिर और गौरी स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अपनी शादी रजिस्टर कराएंगे. इसके बाद वो परिवार और दोस्तों के साथ लंच करेंगे. सूत्रों ने आगे बताया कि आमिर और गौरी अपने पसंदीदा खाने को मेन्यू में शामिल कर रहे हैं और खाने की तैयारियों पर भी खुद नजर रख रहे हैं. शादी में उनके बच्चे भी मौजूद रहेंगे. साथ ही आमिर के करीबी दोस्त और फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर और राजकुमार संतोषी के भी शामिल होने की उम्मीद है.
प्राइवेट सेरेमनी में होगी शादी
आमिर ने बीते दिन राजकुमार हिरानी के शो प्रीतम एंड पेड्रो के प्रीमियर पर भी अपनी तीसरी शादी की बात की थी. वहां वो अपने बेटे जुनैद के साथ आए थे. आमिर ने कहा था कि ये उनके लिए बेहद खास दिन है. उनका कहना है कि वो अपनी शादी को छोटा और निजी रखना चाहते हैं.
बता दें कि आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उन्हें दो बच्चे आयरा और जुनैद खान हुए. फिर उन्होंने फिल्ममेकर किरण राव से शादी की, जिनसे उन्हें एक बेटा आजाद हुआ. अब वो गौरी स्प्रैट से शादी करेंगे जिनका एक बेटा है.
सना फरज़ीन