उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने का समय बचा है और सियासी तापमान बढ़ने लगा है. सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और सूबे के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं में जुबानी जंग भी जोर पकड़ती दिख रही है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव को लेकर बीजेपी विधायकों के टिकट को लेकर बड़ा दावा किया है. बीजेपी ने अखिलेश के बयानों की तुलना हास्य कलाकारों के डायलॉग से कर दी है.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है. इस पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा है- सुना है इलाहाबाद की सभी सीटों पर बीजेपी अपने प्रत्याशी बदलने जा रही है, क्योंकि बीजेपी को लगता है कि ये सारे विधायक केवल खाने-कमाने में लगे रहे और लोकसभा सीट हाथ से निकल गई. उन्होंने आगे लिखा कि यही फार्मूला यूपी की उन सभी 43 लोकसभा सीटों पर लागू किया जा रहा है, जहां इंडिया गठबंधन की जीत हुई थी.
अखिलेश यादव ने यह भी लिखा है कि यही फॉर्मूला उन नौ से 10 सीटों पर भी लागू होगा, जहां बीजेपी हेरफेर करके सर्टिफिकेट से जीती थी, वोट से नहीं. उन्होंने अपनी इसी पोस्ट में आगे लिखा- इसका मतलब तो ये हुआ कि लगभग 225 सीटों पर प्रत्याशी बदले जाएंगे. समाजवादी पार्टी के सूत्रों की मानें तो विपक्षी दल की नजर बीजेपी, आरएलडी और सुभासपा समेत दूसरी पार्टियों के ऐसे नेताओं पर है, जो चुनाव पास आने पर पाला बदल सकते हैं.
सपा के कुछ नेता ऐसे नेताओं के संपर्क में लगातार बने हुए भी हैं. वहीं, अखिलेश के दावे पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा है कि यूपी की जनता जिस गंभीरता से फिल्मों में हास्य कलाकारों के डायलॉग को लेती है, उसी तरीके से राजनैतिक क्षेत्र में अखिलेश यादव के बयानों को लेती है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने जब से समाजवादी पार्टी की कमान संभाली है, हर चुनाव में सपा के विधायक क्रॉस वोटिंग करते हैं.
यह भी पढ़ें: INDIA ब्लॉक के मंथन से यूपी के लिए क्या संदेश? अखिलेश ने राहुल से कही दिल की बात
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि अखिलेश यादव से अपना घर संभल नहीं रहा, दूसरे के घर में ताक-झांक करने का दावा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी का कार्यकाल उत्तर प्रदेश की जनता को याद है. किस तरीके से हर तीसरे दिन दंगे होते थे, अपराधी और माफिया सरकार चलाया करते थे. बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि निवेशक उत्तर प्रदेश में आना नहीं चाहते थे. सड़क, बिजली, पानी की बदहाल व्यवस्था थी. नौकरियों की लूट हुआ करती थी.
यह भी पढ़ें: अखिलेश का नया लुक... लाल टोपी छोड़, जींस-टीशर्ट में एयरपोर्ट पर आए नजर
उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ-साढ़े नौ साल में उत्तर प्रदेश की सूरत बदली है. आज उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बना है. बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि आज उजालों का उत्तर प्रदेश है. निवेशक यहां आना चाहते हैं. पारदर्शी तरीके से नौकरियां मिल रही हैं और इस नाते से उत्तर प्रदेश की जनता 2027 में प्रचंड बहुमत से बीजेपी की सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में सपा की साइकिल की तीली-तीली बिखर जाएगी.
समर्थ श्रीवास्तव