NEET UG Re-Exam: NTA ने पेपर लीक के दावों को बताया गलत, नहीं लीक हुआ है पेपर, छात्रों को दी सलाह

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 की दोबारा होने वाली परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की खबरों को पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत बताया है. एजेंसी ने कड़ा रुख अपनाते हुए गलत सूचना और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है और इस संबंध में साइबर अपराध प्राधिकरणों में शिकायतें भी दर्ज कराई है. NTA ने सभी छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी किसी भी भ्रामक अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचनाओं पर ही भरोसा करें. 

Advertisement
NEET UG 2026 Re-Exam Paper Leak Rumours NEET UG 2026 Re-Exam Paper Leak Rumours

आजतक एजुकेशन डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 07 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:24 AM IST

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहे उन मैसेजों पर संज्ञान लिया है जिनमें दावा किया गया है कि NEET (UG) 2026 की दोबारा होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया है. इसपर सख्त रूप अपनाते हुए एनटीए ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है और कहा है कि झूठे, कपटपूर्ण और छात्रों और उनके परिवारों को गुमराह करने के इरादे से किए गए हैं. 

Advertisement

एजेंसी के अनुसार, इस तरह के संदेश संगठित नकल करने वाले गिरोहों की ओर से फैलाए जा रहे हैं जो उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों की चिंता का फायदा उठाते हैं. उनका मुख्य उद्देश्य फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर पैसे वसूलना है और एनटीए ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में प्रसारित हो रहे ऐसे सभी दावे मनगढ़ंत हैं. 

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी 

इस मामले में एनटीए ने कहा है कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पूरी तरह बरकरार है और सभी उम्मीदवारों के लिए निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए हैं. एजेंसी ने आगे कहा कि वह इस तरह के दावों को फैलाने वाले चैनलों, अकाउंट और सामग्री की सक्रिय रूप से पहचान कर संबंधित प्लेटफार्मों और साइबर अपराध अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई और उन्हें हटाने के लिए सूचित कर रही है. 

Advertisement

इसके अलावा, एनटीए कानून प्रवर्तन और साइबर अपराध अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज करा रहा है. एजेंसी ने कहा कि इस तरह की फर्जी सामग्री बनाना, प्रसारित करना या आगे भेजना और छात्रों को धोखा देने का प्रयास करना एक गंभीर और दंडनीय अपराध है. एजेंसी ने आगे कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

छात्रों और अभिभावकों को सलाह

इस दौरान उम्मीदवारों और अभिभावकों को NTA ने सलाह देते हुए कहा है कि वे ऐसे किसी भी संदेश से न जुड़ें, न ही उसके लिए भुगतान करें और न ही उसे आगे फॉरवर्ड करें और इन धोखा धड़ी वाले लोगों से दूरी बनाए रखें. 

ऑफिशियल वेबसाइट पर बनाए रखें नजर 

एनटीए ने सभी उम्मीदवारों से इन अफवाहों को नजरअंदाज करने और केवल अपनी आधिकारिक वेबसाइट जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी है. एजेंसी ने इस बात पर जोर दिया कि परीक्षा से संबंधित कोई भी प्रामाणिक जानकारी केवल इन्हीं आधिकारिक स्रोतों के माध्यम से दी जाएगी. एनटीए ने एनईटी (यूजी) 2026 परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवारों से आत्मविश्वास के साथ अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया और कहा कि उनकी मेहनत ही मायने रखती है. एजेंसी ने निष्पक्ष,सुरक्षित और विश्वसनीय परीक्षा आयोजित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »