वांकानेर में अधजली लाश का सनसनीखेज खुलासा... पत्नी ने प्रेमी और मां के साथ मिलकर किया था मर्डर

गुजरात के मोरबी जिले के वांकानेर में मिली अधजली लाश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. तीन लोगों ने मिलकर उस शख्स की हत्या को अंजाम दिया था. जिनमें मरने वाले की पत्नी, प्रेमी और पत्नी की मां शामिल है. इन लोगों ने लाश को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की थी. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है (फोटो-ITG) पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है (फोटो-ITG)

ब्रिजेश दोशी

  • मोरबी,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:15 PM IST

गुजरात के मोरबी जिले के वांकानेर तालुका में मिले अधजले शव के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी. अब पुलिस ने इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी. मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और सगी मां के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस वारदात की कहानी किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है.

Advertisement

28 अप्रैल को धुवा-माटेल रोड पर रेसी सेरामिक के पास एक सुनसान इलाके में एक व्यक्ति की अधजली लाश मिली थी. जिसकी हालत इतनी खराब थी कि उसकी शिनाख्त करना बेहद मुश्किल हो रहा था. मृतक के हाथ बंधे हुए थे, जिससे शुरुआत में ही हत्या की आशंका जताई गई. मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि युवक की हत्या करीब चार दिन पहले की गई थी. इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया गया था.

वांकानेर के डीएसपी समीर सरदा के अनुसार, शव बुरी तरह जल चुका था लेकिन मृतक के हाथ पर बना ‘ॐ’ का निशान पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी सीडीआर की मदद से जांच को आगे बढ़ाया. लगातार जांच के बाद मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी छगन नीनामा के रूप में हुई. 

Advertisement

पुलिस को पता चला कि छगन अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश में रहता था, लेकिन पत्नी से अलग हो चुका था. इसके बाद पुलिस ने उसके पारिवारिक रिश्तों और गतिविधियों की गहराई से जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि छगनभाई और उसकी पत्नी सुमन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे, जिसके कारण सुमन करीब तीन साल पहले पति को छोड़ चुकी थी. 

असल में सुमन अपने प्रेमी पवन कुमार निनामा के साथ रहने लगी थी, जो सिरेमिक फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम करता था. सुमन अपने दो बच्चों के साथ प्रेमी के पास रह रही थी. हाल ही में गैस संकट के कारण फैक्ट्री बंद हो गई, जिसके बाद सुमन अपने गृहनगर लौट आई. इसी दौरान उसने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पवन कुमार निनामा ने सुमन को पति की हत्या के लिए उकसाया था. योजना के तहत सुमन अपनी मां के साथ छगन को लेकर मध्य प्रदेश से मोरबी पहुंची. रास्ते में मौका देखकर पवन ने पीछे से रस्सी से छगनभाई का गला घोंट दिया. हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने शव को सुनसान इलाके में ले जाकर जला दिया ताकि उसकी पहचान न हो सके. आरोपियों को लगा कि लाश पूरी तरह जल जाने के बाद पुलिस को कोई सुराग नहीं मिलेगा. लेकिन तकनीकी जांच और फॉरेंसिक सबूतों ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया.

Advertisement

पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी सुमन, उसके प्रेमी पवन कुमार निनामा और सुमन की मां को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच चल रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से सबूत मिटाने की कोशिश की थी. हालांकि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड ने पूरी साजिश को उजागर कर दिया. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement