क्या आप अपना बिजनेस शुरू करना चाहते हैं और फाइनेंशियल दिक्कतों के चलते नहीं कर पा रहे हैं. तो फिर ये खबरे आपके लिए खास है, क्योंकि सरकार आपकी मदद कर सकती है. केंद्र सरकार (Central Govt) पीएम मुद्रा योजना (PM Mudra Yojna) के तहत बिजनेस स्टार्ट करने के इच्छुक युवाओं को 20 लाख रुपये तक का लोन मुहैया करा रही है.
पहले मिलते थे 10 लाख, अब दोगुना
PM Mudra Yojna खासी लोकप्रिय सरकारी स्कीम है और इसकी पॉपुलैरिटी को देखते हुए ही सरकार ने इसकी लिमिट और कैटेगरी में भी इजाफा किया हुआ है. बता दें कि इस Govt Scheme के तहत पहले 10 लाख रुपये का लोन दिया जाता था, लेकिन FY2024-25 के बजट में ऐलान के बाद इसे दोगुना यानी 20 लाख रुपये कर दिया गया था. इसके साथ ही स्कीम में एक न तरुण प्लस की कैटेगरी भी जोड़ी गई थी.
4 चरण में सरकार बांटती है लोन
पीएम मुद्रा स्कीम के तहत सरकार 4 चरणों में लोन बांटती है. इनमें शिशु लोन, किशोर लोन, तरुण लोन और तरण प्लस लोन शामिल है. शिशु लोन के तहत 50,000 रुपये तक का बिजनेस लोन मिलता है, किशोर के तहत 50000 से 5 लाख रुपये, तरुण लोन के तहत 5 से 10 लाख रुपये और नई तरुण प्लस कैटेगरी में 10 से 20 लाख तक का लोन दिया जाता है.
स्कीम में मिलता है कोलेटरल फ्री लोन
युवाओं और बिजनेस स्टार्ट करने वालों को आर्थिक मदद मुहैया कराने के लिए चलाई जा रही इस स्कीम में सबसे खास बात ये है कि मिलने वाला ये लोन बिना गारंटी का होता है, यानी आपको इसके लिए कुछ गिरवी नहीं रखा है. जैसे आप शिशु लोन लेते हैं, न कोई गारंटर या गारंटी चाहिए और न ही कोई प्रोसेसिंग चार्ज. अगर 20 लाख का लोन लेना है, तो फिर ये Loan उन आवेदकों को उपलब्ध होता है, जो इससे पहले तरुण कैटेगरी के तहत लिए गए लोन को सफलता पूर्वक चुका चुके होते हैं.
2015 में हुई थी इस योजना की शुरुआत
PM Mudra Yojana की शुरुआत मोदी सरकार द्वारा साल 2015 में की गई थी. इसके तहत लोन नॉन-कॉरपोरेट और नॉन-एग्रीकल्चर बिजनेस शुरू करने के लिए दिया जाता है. अप्रैल 2025 तक 52.37 करोड़ लोन बांटे जा चुके थे, जिनकी वैल्यू 33.65 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रही. इस सरकारी लोन की ब्याज दरें, EBLR से 3.25% ज्यादा होती है.
किसे मिलेगा, क्या डॉक्युमेंट जरूरी?
PM Mudra Loan के लिए आवेदन 18 साल या इससे अधिक आयु का व्यक्ति कर सकता है. इसके लिए आधार कार्ड (Aadhar Card), पैन कार्ड ( Pan Card), निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, एक बिजनेस प्लान, KYC डॉक्यूमेंट और इनकम प्रूफ होना जरूरी है. मुद्रा योजना के तहत लोन के लिए आप अपने नजदीकी बैंक में जाकर अप्लाई कर सकते हैं या फिर Online Apply की सुविधा मौजूद है, ज्यादा जानकारी https://www.mudra.org.in/ पर ले सकते हैं.