स्कूल टीचर के लिए ड्राइवर बने पुतिन, खुद Aurus कार चलाकर डिनर के लिए क्रेमलिन ले गए

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का अपनी स्कूल टीचर वेरा गुरेविच के साथ एक बेहद भावुक वीडियो वायरल हो रहा है. पुतिन खुद कार चलाकर अपनी 88 साल की टीचर को डिनर के लिए ले गए. यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब पुतिन के बंकर में छिपे होने की खबरें उड़ रही थीं.

Advertisement
खुद 'ऑरस' SUV चलाते दिखे रूसी राष्ट्रपति (Photo: X) खुद 'ऑरस' SUV चलाते दिखे रूसी राष्ट्रपति (Photo: X)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 13 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:58 AM IST

दुनिया के सबसे ताकतवर और सख्त मिजाज वाले नेताओं में गिने जाने वाले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में पुतिन का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. वह हाथ में फूलों का गुलदस्ता लेकर एक होटल पहुंचते हैं और अपनी पुरानी स्कूल टीचर को सरप्राइज देते हैं. इसके बाद वह खुद अपनी कार ऑरस की ड्राइविंग सीट संभालते हैं और अपनी टीचर को मॉस्को की सड़कों से होते हुए डिनर के लिए क्रेमलिन ले जाते हैं.

Advertisement

रूसी सरकारी मीडिया की ओर से जारी इस वीडियो में पुतिन एक आम राष्ट्रपति की तरह नहीं, बल्कि एक भावुक पूर्व छात्र की तरह नजर आते हैं. उन्होंने जींस और हल्की जैकेट पहन रखी है. जैसे ही वह अपनी 88 साल की रिटायर्ड टीचर वेरा गुरेविच से मिलते हैं, उन्हें गले लगा लेते हैं. यह पल इतना भावुक था कि टीचर की आंखों में आंसू आ जाते हैं. दोनों के बीच का यह रिश्ता पुरानी यादों से जुड़ा हुआ दिखाई देता है, जिसे देखकर यह साफ समझ आता है कि गुरु और शिष्य का रिश्ता कितना गहरा होता है. क्रेमलिन ने यह वीडियो उस समय जारी किया, जब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पुतिन के बंकर में छिपे होने की खबरें उड़ रही थीं.

बचपन की यादों से जुड़ी खास मुलाकात

वेरा गुरेविच ने पुतिन को उनके बचपन में लेनिनग्राद (अब सेंट पीटर्सबर्ग) के स्कूल नंबर 193 में जर्मन भाषा पढ़ाई थी. पुतिन ने उन्हें खास तौर पर रूस के विजय दिवस के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए मॉस्को आमंत्रित किया था. यह वही कार्यक्रम है जिसमें रूस द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर जीत का जश्न मनाता है.

Advertisement

 न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, क्रेमलिन की ओर से बताया गया कि टीचर के लिए मॉस्को में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे, जिसमें शहर के प्रमुख म्यूजियम और जगहों की सैर शामिल थी. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा जिस बात की हो रही है, वह है पुतिन का खुद गाड़ी चलाना और अपनी टीचर को सम्मान के साथ डिनर के लिए लेकर जाना.

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे सम्मान और कृतज्ञता का भाव बता रहे हैं, तो कुछ इसे एक खास तरह का सार्वजनिक प्रदर्शन भी मान रहे हैं. लेकिन ज्यादातर लोग पुतिन के इस व्यवहार को एक भावनात्मक और मानवीय पल के रूप में देख रहे हैं.

यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक तनाव के बीच पुतिन लगातार अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में हैं. इसके बावजूद इस वीडियो ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है, क्योंकि इसमें एक नेता का बेहद व्यक्तिगत और भावुक रूप सामने आया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement