इस्लामाबाद में मिले इन 4 देशों के विदेश मंत्री, मिडिल ईस्ट जंग रोकने पर महामंथन शुरू

इस्लामाबाद में पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र के विदेश मंत्रियों की बैठक जारी है. 29-30 मार्च तक चलने वाले इस महामंथन में चारों देशों के दिग्गजों ने फैमिली फोटो के जरिए एकजुटता का संदेश दिया. इस चर्चा का मुख्य उद्देश्य मिडिल ईस्ट में जारी जंग को रोकने के लिए कूटनीतिक रास्ता निकालना और क्षेत्र में शांति बहाली के साथ-साथ आपसी व्यापार को बढ़ावा देना है.

Advertisement
इस्लामाबाद में जुटे 4 देशों के दिग्गज नेता(Photo: x/@ForeignOfficePk) इस्लामाबाद में जुटे 4 देशों के दिग्गज नेता(Photo: x/@ForeignOfficePk)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 29 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:23 PM IST

मिडिल ईस्ट में जारी भीषण तनाव और युद्ध को शांत करने के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार को एक बेहद अहम 'चतुर्भुज परामर्श' बैठक जारी है. 29 और 30 मार्च तक चलने वाली इस खास मीटिंग में पाकिस्तान के साथ सऊदी अरब, तुर्किये और मिस्र के विदेश मंत्री शामिल हुए हैं. बैठक के उद्घाटन के अवसर पर चारों देशों के नेताओं ने तस्वीर के लिए पोज दिया, जिसे इस संकट की घड़ी में एक बड़ी कूटनीतिक एकजुटता के तौर पर देखा जा रहा है.

Advertisement

इस बैठक की अहमियत को बताते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर भावुक पोस्ट लिखा.  उन्होंने सऊदी अरब, तुर्किये और मिस्र के विदेश मंत्रियों को अपना 'प्यारा भाई' बताते हुए इस्लामाबाद में उनका स्वागत किया. डार ने लिखा, 'इस नाजुक मोड़ पर उनकी मौजूदगी हमारे मजबूत भाईचारे वाले रिश्तों को दर्शाती है. हमारी बातचीत क्षेत्र के बदलते हालात, शांति बहाली और स्थिरता पर केंद्रित है. इसके साथ ही हम अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी साझेदारी और आपसी सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा कर रहे हैं.'

इस पूरी चर्चा का सबसे बड़ा मुद्दा ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रही जंग को रोकना और बातचीत का कोई रास्ता निकालना है. पाकिस्तान इस पूरे संकट में एक बिचौलिए की भूमिका निभा रहा है. पाकिस्तान की कोशिश है कि किसी तरह दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू हो जाए और समझौता हो सके.

Advertisement

द्विपक्षीय संबंधों और व्यापार पर भी जोर

बैठक के औपचारिक आगाज से पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने मिस्र और तुर्किये के अपने समकक्षों से अलग से मुलाकात की है. इन मुलाकातों में न केवल क्षेत्रीय शांति पर बात हुई, बल्कि रक्षा, सुरक्षा और व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है. मिस्र और तुर्किये के विदेश मंत्री शनिवार को ही आधिकारिक दौरे पर इस्लामाबाद पहुंच चुके थे, जो इस मुद्दे की गंभीरता को दर्शाता है.

असल में इस मीटिंग का प्राथमिक लक्ष्य क्षेत्र में जारी सैन्य तनाव को कम करना है. इशाक डार ने अपने साथियों से मुलाकात के दौरान स्पष्ट किया है कि अब वक्त आ गया है कि पुरानी बातों को पीछे छोड़कर कूटनीति के जरिए विवादों को सुलझाया जाए. सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान की इस बैठक में मौजूदगी इसे और भी अहम बना रही है.

अब अगले दो दिनों तक पूरी दुनिया की निगाहें इस्लामाबाद से निकलने वाले किसी ठोस नतीजे पर टिकी रहेंगी. क्या ये चार देश मिलकर अमेरिका और ईरान को बातचीत की मेज पर ला पाएंगे? फिलहाल, मुश्किल घड़ी में शांति के लिए की गई यह पहल अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »