अमेरिका और ईरान के बीच आज पाकिस्तान के इस्लामाबाद में शांति वार्ता होने वाली है. ऐसे में ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गलिबाफ भी ईरानी डेलीगेशन के साथ पाकिस्तान पहुंचे. इस बीच, गलिबाफ ने एक इमोशनल कर देने वाली फोटो शेयर की है.
गलिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्लेन से एक तस्वीर पोस्ट की है. उन्होंने इस्लामाबाद की यात्रा के दौरान मिनाब स्कूल हमले में मारे गए बच्चों को याद किया है.
तस्वीर में देखा जा सकता है कि प्लेन की खाली सीटों पर मिनाब स्कूल हमले में मारे गए बच्चों और पीड़ितों की तस्वीरें और उनका सामान रखा हुआ है.
'खून से सने बैग, बेगुनाहों की तस्वीर...'
प्लेन की सीटों पर बच्चों की तस्वीरों के साथ-साथ खून से सने स्कूल बैग भी नजर आ रहे हैं. गलिबाफ ने इन सभी तस्वीरों के सामने सफेद गुलाब रखकर उन 168 बेगुनाह बच्चों को श्रद्धांजलि दी जो हमले में मारे गए थे. तस्वीर में गलिबाफ तस्वीरों को देखते नजर आ रहे हैं. इस दौरान उनके चेहरे पर मायूसी और दर्द साफ झलक रहा है. फोटो के साथ कैप्शन में गलिबाफ ने लिखा, 'इस उड़ान में मेरे साथी, मिनाब -168.'
बता दें कि अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी, 2026 को ईरान के मिनाब में एक प्राथमिक स्कूल पर हुए हमला किया था. इस हमले में 168 लोगों की मौत हो गई थी. वहीं, 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे.
शांति वार्ता पर गलिबाफ का बयान
शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद आए गलिबाफ ने तस्नीम न्यूज एजेंसी से बात करते हुए अमेरिका के इरादों पर शक जाहिर किया. उन्होंने कहा कि अमेरिकियों के साथ बातचीत का एक्सपीरियंस हमेशा बेकार और अनुबंध के उल्लंघन से भरा रहा है.
गलिबाफ ने कहा, 'ईरान अच्छी नीयत के साथ बातचीत में शामिल हो रहा है, लेकिन हमें अमेरिका पर कोई भरोसा नहीं है.'
यह भी पढ़ें: 'ईरान जिंदा है तो सिर्फ बातचीत के लिए, होर्मुज तो खुलकर रहेगा', शांति वार्ता से पहले ट्रंप की धमकी
दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ईरान को धमकाया है. उन्होंने कहा, 'ईरानियों को शायद ये अहसास नहीं है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का इस्तेमाल करके दुनिया को डराने के अलावा उनके पास कोई कार्ड नहीं है. वो आज अगर जिंदा हैं, तो सिर्फ बातचीत करने के लिए.'
aajtak.in