एलन मस्क और डेमोक्रेटिक कांग्रेसमैन रो खन्ना के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग छिड़ गई है. दोनों के बीच अमेरिका के सरकारी दक्षता विभाग DOGE, वेल्थ टैक्स और USAID के बजट में कटौती को लेकर विवाद चल रहा है. हाल ही में खन्ना ने DOGE में मस्क की भूमिका की आलोचना की थी, जिसके बाद ये विवाद बढ़ गया है.
रो खन्ना ने 'आई हैव हैड इट' पॉडकास्ट में बोलते हुए एलन मस्क पर गंभीर आरोप लगाए हैं. खन्ना ने कहा कि मस्क को बजट कटौतियों के असर का जवाब देना होगा.
खन्ना ने कहा, 'मेरा मानना है कि एक बार जब हम सत्ता में आएंगे, तो जवाबदेही तय होनी चाहिए. एलन मस्क की जवाबदेही तय होनी चाहिए. वो जश्न मना रहे हैं कि उन्होंने 4,400 मिलियनेयर बनाए, लेकिन वो दुनिया भर के उन 45 लाख बच्चों के बारे में बात नहीं करते जिन्हें उन्होंने शायद USAID को खत्म करके मौत की सजा दे दी.'
खन्ना ने आगे कहा, 'उन्हें इसका जवाब देना होगा. उन्हें समन भेजा जाना चाहिए. उन्हें जांच का सामना करना होगा. DOGE के साथ उन्होंने जो किया, उन्हें उसका जवाब देना होगा.
मस्क का पलटवार, कहा- रो द रॉबर
रो खन्ना के आरोपों पर एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पलटवार किया है. मस्क ने रो खन्ना को 'रो द रॉबर' (लुटेरा रो) कह दिया. मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट से भी सहमति जताई, जिसमें खन्ना की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी.
मस्क ने किया 'DOGE' का बचाव
एलन मस्क ने USAID में कटौती के आरोपों को भी पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने खन्ना के दावों को झूठा बताते हुए लिखा, 'बिल्कुल. ये पूरी तरह से झूठ है. DOGE ने सिर्फ इतना किया कि मदद लेने वालों से संपर्क करके ये पुष्टि करने को कहा कि फंड का सही इस्तेमाल हो रहा है. इससे कम कुछ भी करना पागलपन है! USAID के कई लोगों पर न्याय विभाग पर पैसे चुराने का आरोप लगाया गया है. इसके अलावा, उन्होंने अपना गुनाह भी कबूल किया है.'
यह भी पढ़ें: जितनी अंबानी की संपत्ति है उससे दोगुना पैसा एक दिन में एलन मस्क ने गंवाया
खन्ना ने दी लाइव डिबेट की चुनौती
रो खन्ना ने एलन मस्क को टीवी पर लाइव डिबेट की खुली चुनौती दी है. CNBC को दिए एक इंटरव्यू में खन्ना ने कहा, 'मैं उन्हें डिबेट की चुनौती देता हूं. इसे CNN पर करें, CNBC पर करें या किसी यूनिवर्सिटी में करें. वो जगह चुन सकते हैं और आइए बहस करें कि DOGE में क्या हुआ, आइए बहस करें कि मैं वेल्थ टैक्स के पक्ष में क्यों हूं.'
खन्ना ने आगे कहा, 'अगर वो इन मुद्दों पर फ्री स्पीच और स्वतंत्र अभिव्यक्ति पर भरोसा करते हैं, तो हम विचारों की चर्चा कर सकते हैं.'
aajtak.in