ईरान ने अमेरिका के दो लड़ाकू विमान मार गिराए हैं. दिल्ली मेट्रो में बिना अनुमति किसी भी तरह का सामान बेचने की पेशकश करने पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगेगा. पढ़ें शनिवार सुबह की बड़ी खबरें.
2 फाइटर जेट क्रैश, 2 चॉपर तबाह, पायलट लापता... ईरान जंग में US के लिए बुरे सपने रहे पिछले 24 घंटे
ईरान ने पिछले 24 घंटों के भीतर दो अमेरिकी लड़ाकू विमानों को मार गिराया है. इस दौरान बचाव अभियान में लगे दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर भी ईरानी हमले की चपेट में आ गए हैं और एक अमेरिकी पायलट भी लापता बताया जा रहा है. 28 फरवरी से शुरू हुई जंग के बाद यह पहली बार है जब अमेरिकी विमानों को इस तरह नुकसान पहुंचा है.
दिल्ली मेट्रो में बिना अनुमति सामान बेचने पर सख्ती, देना होगा 5000 रुपये तक जुर्माना
जन विश्वास (संशोधन) विधेयक, 2026 के पारित होने के साथ दिल्ली मेट्रो में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की बिक्री या सामान बेचने की पेशकश करने पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगेगा. यह संशोधन मेट्रो रेलवे (संचालन और रखरखाव) अधिनियम, 2002 की धारा 73 के तहत किया गया है. पहले इस कानून के तहत 100 से 400 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाता था.
IPL 2026 के सातवें मैच में शुक्रवार को पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया. चेपॉक में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई ने 210 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे पंजाब ने 8 गेंदें रहते हासिल कर लिया. इस जीत के हीरो रहे प्रियांश आर्य, जिन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में 39 रन बनाकर मैच पलट दिया और 'प्लेयर ऑफ द मैच' बने.
पंजाब में 'मावां-धीयां सत्कार योजना’ लागू, पात्र महिलाओं को ₹1500 मासिक सहायता, जानें पूरी डिटेल
पंजाब सरकार ने 'मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना' का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस योजना के जरिए पंजाब की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में अब हर महीने सीधे पैसे आएंगे. इसके तहत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी. वहीं, अनुसूचित जाति से आने वाली महिलाओं को हर महीने ₹1,500 दिए जाएंगे.
हिमाचल में अटल टनल के पास हिमस्खलन का खतरा, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला समेत कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज आंधी-बारिश को लेकर ओरेन्ज अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी तरफ अटल टनल के पास हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है. लाहौल-स्पीति प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के आसपास पर्यटकों और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है.
केरलम में शशि थरूर के काफिले पर हमला, बीच सड़क पर घेरी गाड़ी, गनमैन को भी पीटा
केरलम के मलप्पुरम जिले के वंडूर इलाके में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के साथ बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है. यूडीएफ उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार करने जा रहे शशि थरूर के वाहन को अज्ञात हमलावरों ने न केवल रोका, बल्कि उनके सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट भी की. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है.
जबरजस्त विरोध के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल ₹80 सस्ता, सरकार ने लिया फैसला
पाकिस्तान में विरोध के बाद सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 80 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है. नई कीमत 378 रुपये प्रति लीटर तय की गई है. इससे एक दिन पहले ही पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी की गई थी. जिसके बाद पेट्रोल की कीमत 458.40 रुपये और डीजल 520.35 रुपये हो गई थी. इस बढ़ोतरी के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए थे.
aajtak.in