पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले में सीबीआई की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी हुई है. सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से गोलू सिंह को गिरफ्तार किया है और उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लेकर रवाना हो गई है. जानकारी के अनुसार, गोलू सिंह की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है. सीबीआई को उम्मीद है कि गोलू सिंह से पूछताछ में हत्या की साजिश और उसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है.
इससे पहले सीबीआई ने बलिया निवासी राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया था. राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी लगातार उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही थी. इसी बीच गुरुवार सुबह एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया. राजकुमार सिंह के करीबी दोस्त ज्ञानेंद्र सिंह मोनू ने गैंगस्टर एक्ट के एक पुराने मुकदमे में बलिया कोर्ट में सरेंडर कर दिया. ज्ञानेंद्र सिंह मोनू के सरेंडर के कुछ समय बाद ही सीबीआई ने उसके दोस्त गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया. इस घटनाक्रम ने मामले को और अधिक चर्चाओं में ला दिया है.
गोलू सिंह को सीबीआई ने किया गिरफ्तार
सीबीआई ने गोलू सिंह को गिरफ्तार करने के बाद 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड हासिल की है. इसके तहत उसे कोलकाता ले जाया जा रहा है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी. जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की योजना में उसकी क्या भूमिका थी और वह किन लोगों के संपर्क में था.
इस मामले में इससे पहले 21 मई 2026 को सीबीआई ने बलिया के फेफना इलाके से नवीन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया था. वहीं जांच के दौरान सीबीआई और पुलिस की संयुक्त टीम ने राज सिंह उर्फ चंदन, जिसे शूटर बताया गया है, समेत कई अन्य आरोपियों को उत्तर प्रदेश और बिहार के बक्सर से भी गिरफ्तार किया था.
सरेंडर के कुछ घंटे बाद गोलू सिंह को दबोचा गया
मुख्यमंत्री के पीए की हत्या से जुड़े इस संवेदनशील मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है. अब तक हुई कई गिरफ्तारियों के बाद जांच एजेंसी आरोपियों से गहन पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की परतें खोलने में जुटी हुई है. आने वाले दिनों में पूछताछ के आधार पर इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
संतोष शर्मा / अनिल अकेला