'मंत्री जी के काफिले में 27 वाहन थे...', UP में सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा के काफिले को लेकर सोशल मीडिया पर एक अज्ञात व्यक्ति ने दावा किया कि, इसमें 27 वाहन शामिल थे. इस मामले में अब अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

Advertisement
बताया जा रहा है कि मंत्री के साथ केवल 3 वाहन ही थे. (Photo: ITG) बताया जा रहा है कि मंत्री के साथ केवल 3 वाहन ही थे. (Photo: ITG)

महेश जायसवाल (भदोही)

  • लखनऊ,
  • 21 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:17 AM IST

उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा के काफिले को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने का मामला सामने आया है. इसे लेकर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि मंत्री के काफिले में 27 वाहन थे, जबकि बताया जा रहा है कि मंत्री के साथ केवल तीन वाहन ही थे.

Advertisement

बता दें, यह एफआईआर क्षेत्रीय लेखपाल हरिकेश की तहरीर पर दर्ज की गई है. तहरीर के मुताबिक बीते शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा भदोही दौरे पर आए थे, इस दौरान वो राजस्व अतिथि गृह पहुंचे. जहां उन्होंने आंधी तूफान के पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें सहायता चेक वितरित किया.

जानकारी के मुताबिक, इस दौरान मंत्री जी के साथ सिर्फ तीन वाहन थे लेकिन सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट किया गया कि उनके काफिले में 27 वाहन शामिल थे. बताया जा रहा है कि इस तरह से अज्ञात व्यक्ति द्वारा वीडियो पोस्ट कर शासन प्रशासन की छवि खराब की गई और जनमानस को भ्रमित कर विधि विरुद्ध कार्य किया गया.

इस शिकायत पर ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम की धारा 66 डी और भारतीय न्याय संहिता 356(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है.

Advertisement

गौरतलब है कि खुद मंत्री एके शर्मा ने भदोही दौरे के अगले दिन अपने एक्स अकाउंट पर भ्रामक वीडियो का जिक्र करते हुए बताया था कि, भदोही प्रवास के दौरान उनके साथ तीन वाहन हैं. लखनऊ में वो दो वाहनों के साथ चल रहे हैं. उन्होंने बताया कि भदोही में बाकी वाहन स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के थे.

पीएम मोदी की अपील का असर

मिडिल ईस्ट संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की थी कि हमें पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल संयम से करना चाहिए. इसके बाद कई मंत्रियों ने अपने काफिलों में कमी की और कुछ नेता तो साइकिल चलाते हुए भी नजर आए. प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की है और सालभर तक सोना खरीदने से बचने की सलाह भी दी है. इस बीच पेट्रोल-डीजल के दामों में भी उछाल आया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement