फंस गई 'यादव जी की लव स्टोरी', फिल्म के प्रोड्यूसर- डायरेक्टर सहित 4 पर केस दर्ज

27 फरवरी को रिलीज होने वाली फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' पर विवाद बढ़ गया है. यादव समाज के विरोध के बाद धनारी थाने में निर्माता, निर्देशक और दो कलाकारों पर बीएनएस धारा 353(2) में केस दर्ज हुआ है. समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन कर रिलीज रोकने की मांग की. आरोप है कि फिल्म में यादव समाज की छवि गलत ढंग से दिखाई गई है. फिल्म पक्ष ने कहा कि किसी की भावनाएं आहत करने का इरादा नहीं था.

Advertisement
'यादव जी की लव स्टोरी' का विरोध हो रहा है. (Photo: Screenshot) 'यादव जी की लव स्टोरी' का विरोध हो रहा है. (Photo: Screenshot)

अभिनव माथुर

  • संभल,
  • 18 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 7:51 AM IST

27 फरवरी को रिलीज होने जा रही फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' फंसती नजर आ रही है. बढ़ते विरोध के बीच धनारी थाना पुलिस ने फिल्म के प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और हीरो-हीरोइन सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. यादव समाज के कुछ लोगों ने मंगलवार को धनारी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि फिल्म में यादव समाज की आस्था और संस्कृति को गलत तरीके से दिखाया गया है. उनका कहना है कि फिल्म में एक यादव लड़की और दूसरे समुदाय के लड़के की प्रेम कहानी को आपत्तिजनक ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जिससे समाज की छवि खराब होती है और सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है.

Advertisement

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
बुधवार को बहजोई कलेक्ट्रेट पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया और फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की. इस दौरान डिप्टी कलेक्टर नीतू रानी को ज्ञापन सौंपा गया. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि फिल्म को जिले के सिनेमाघरों में नहीं चलने दिया जाएगा.

अरविंद यादव की तहरीर पर पुलिस ने फिल्म के प्रोड्यूसर संदीप तोमर, डायरेक्टर अंकित भड़ाना, हीरो विशाल मोहन और हीरोइन प्रगति तिवारी के खिलाफ बीएनएस की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया है. फिल्म रिलीज से पहले ही निर्माता-निर्देशक और कलाकारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

क्या हैं यादव समाज के आरोप?
यादव समाज से जुड़े संगठनों का आरोप है कि यह फिल्म एक विशेष जाति की छवि को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे सामाजिक भाईचारे पर असर पड़ सकता है. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स मालिकों को भी आगाह किया है कि यदि फिल्म दिखाई गई तो वे तीव्र विरोध करेंगे. विरोध का एक प्रमुख मुद्दा यह भी है कि फिल्म की निर्माण टीम और कलाकारों में कोई भी यादव समुदाय से नहीं है. 

Advertisement

फिल्म से जुड़े लोग क्या कहते हैं?
फिल्म के निर्माता संदीप तोमर और निर्देशक अंकित भड़ाना हैं, जबकि मुख्य किरदार प्रगति तिवारी और विशाल मोहन ने निभाए हैं. प्रगति तिवारी ने कहा है कि फिल्म का उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था, लेकिन अब विवाद उनकी पहुंच से बाहर हो गया है. इस पूरे प्रकरण ने समाजवादी पार्टी को भी असमंजस में डाल दिया है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »