संभल का 'कातिल' दोस्त: सोहिल को स्विमिंग पूल में डुबोकर मार डाला! 2 मिनट तक पानी में दबाए रखा सिर

संभल के एक अवैध स्विमिंग पूल में पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने 18 वर्षीय सोहिल को 2 मिनट तक पानी में डुबोकर मार डाला. सीसीटीवी फुटेज से हत्या का खुलासा हुआ. शव एक अन्य तैराक के पैर में फंसने पर मिला था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
संभल के स्विमिंग पूल में लाइव मर्डर कैमरे में कैद (Photo- Screengrab) संभल के स्विमिंग पूल में लाइव मर्डर कैमरे में कैद (Photo- Screengrab)

अभिनव माथुर

  • संभल ,
  • 26 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:33 PM IST

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक स्विमिंग पूल में नहाने गए 18 वर्षीय सोहिल को उसके ही गांव के एक युवक ने पानी में डुबोकर मार डाला. पीपली रहमापुर मिलक निवासी सोहिल की हत्या की यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में लाइव कैद हो गई. घटना का सच तब सामने आया जब पीड़ित परिवार ने सोहिल को तैरना आने की बात सोचकर सीसीटीवी फुटेज ऑनलाइन चेक की. नखासा थाना पुलिस और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी कुलदीप सिंह ने इस अवैध रूप से संचालित स्विमिंग पूल मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

पैर में फंसा शव तो खुला खौफनाक राज

सोहिल जब स्विमिंग पूल में नहाने गया था, तभी यह वारदात हुई. उसकी मौत की जानकारी तब हुई जब पूल में नहाने कूदे एक दूसरे शख्स के पैरों में सोहिल का शव फंस गया. उसने तुरंत इसकी जानकारी स्विमिंग पूल मालिक सालिम को दी. इसके बाद शव को बाहर निकालकर परिजनों को सूचित किया गया. परिजन शव लेकर घर आ गए, लेकिन सोहिल को तैरना आता था, इसलिए मौत की वजह जानने के लिए उन्होंने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो सबके पैरों तले जमीन खिसक गई.

दो मिनट तक पानी के अंदर दबाए रखा सिर

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि आरोपी युवक ने सोहिल को करीब 2 मिनट तक पानी के अंदर डुबोए रखा और उसे बाहर नहीं निकलने दिया. इस दौरान सोहिल खुद को बचाने के लिए पानी के भीतर बुरी तरह छटपटाता रहा, लेकिन आरोपी ने उसे नहीं छोड़ा. आरोपी वारदात के दौरान लगातार इधर-उधर देखता रहा. हैरानी की बात यह रही कि पूल में कई अन्य लोग भी नहा रहे थे, लेकिन किसी की नजर मदद के लिए उस तरफ नहीं पड़ी और सोहिल ने दम तोड़ दिया.

Advertisement

गांव में हुआ था झगड़ा, मर्डर की आशंका

स्विमिंग पूल मालिक सालिम के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज देखने से यह साफ तौर पर मर्डर का मामला लग रहा है. जानकारी सामने आई है कि मृतक सोहिल का आरोपी लड़के के साथ गांव में पहले कोई झगड़ा भी हुआ था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद अब आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

अवैध स्विमिंग पूल संचालक पर एक्शन की तैयारी

नखासा थाना प्रभारी उमेश सोलंकी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. हालांकि, परिजनों की तरफ से अभी तक पुलिस को कोई शिकायती पत्र या तहरीर नहीं दी गई है और न ही पोस्टमार्टम कराया गया है. अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी कुलदीप सिंह ने स्पष्ट किया है कि तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई होगी, लेकिन पुलिस अपनी तरफ से अवैध रूप से चलाए जा रहे इस स्विमिंग पूल के संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में जुट गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement