उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया. प्रतीक यादव सिर्फ 38 साल के थे. प्रतीक यादव राजनीति में सक्रिय रहने के बजाय अपने लग्जरी लाइफस्टाइल और बिजनेस के लिए जाने जाते थे.
प्रतीक यादव को सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रतीक यादव काफी समय से बिमार चल रहे थे. पिछले दिनों वो लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती थे.
मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव का जीवन किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है, जहां मुलायम के बटे बेटे अखिलेश यादव ने राजनीतिक के जरिए सत्ता के शिखर को छुआ तो प्रतीक ने अपनी राह जिम, फिटनेस और रियल एस्टेट के कारोबार में खुद को मशरूफ रखा हुआ था.
अखिलेश से कितने अलग थे प्रतीक
अखिलेश यादव और प्रतीक यादव दोनों ही मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं, लेकिन दोनों एक दूसरे से काफी अलग थे. अखिलेश ने पिता की सियासी विरासत को आगे बढ़ाया तो प्रतीक ने अलग राह चुनी.
मुलायम सिंह यादव के बेटे होने के नाते अखिलेश की तरह प्रतीक के लिए लिए राजनीति में एंट्री पाना बहुत आसान था, लेकिन उन्होंने साबित किया कि विरासत सिर्फ पद और कुर्सी की नहीं होती, बल्कि अपनी रुचि के क्षेत्र में मेहनत करने की भी होती है.
प्रतीक एक सफल बिजनेसमैन, एक फिटनेस आइकॉन और एक ऐसे व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं, जिन्होंने यादव परिवार के 'पॉलिटिकल टैग' से इतर अपनी खुद की दुनिया बसाई है। उनकी कहानी हमें सिखाती है कि चाहे आप कितने भी प्रभावशाली परिवार से क्यों न हों, आपकी असली पहचान आपके अपने काम और संघर्ष से बनती है।
जानिए प्रतीक यादव के बारे में
प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. अखिलेश यादव के प्रतीक सौतेले भाई थे.प्रतीक यादव का जन्म 7 जुलाई 1987 को लखनऊ में हुआ था. प्रतीक राजनीति में नहीं हैं, बल्कि अपने बिजनेस और निजी जीवन को लेकर ज्यादा पहचाने जाते हैं. उनकी शादी अपर्णा यादव से हुई है, जो फिलहाल बीजेपी में हैं.
प्रतीक यादव की शादी बीअपर्णा यादव से 2011 में हुई थी. उनकी एक बेटी भी है. हालांकि, अपर्णा के साथ उनके विवाद भी चल रहे थे, पिछले दिनों उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नि अपर्णा यादव के साथ अनबन का जिक्र किया था.
शुरुआती जीवन और शिक्षा
प्रतीक यादव का जन्म लखनऊ में हुआ. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई लखनऊ के प्रतिष्ठित स्कूलों से की और बाद में उच्च शिक्षा के लिए विदेश चले गए. उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से 'मैनेजमेंट' में डिग्री हासिल की. वापस भारत आने के बाद, सबके मन में यही सवाल था कि क्या वे भी अपने पिता और भाई की तरह राजनीति के मैदान में उतरेंगे? लेकिन प्रतीक के मन में कुछ और ही चल रहा था.
फिटनेट फ्रीक थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव की जिंदगी का सबसे प्रेरणादायक हिस्सा उनका शारीरिक बदलाव है, एक समय था जब प्रतीक का वजन काफी ज्यादा हुआ करता था, लोग उनके वजन को लेकर तरह-तरह की बातें करते थे. ऐसे में उन्होंने इस आलोचना को अपनी ताकत बनाया. कड़ी मेहनत और सख्त डाइट प्लान के जरिए अपनी बॉडी बनाई, जो लगातार चर्चा के केंद्र में रही.
वे उत्तर प्रदेश के सबसे फिट युवाओं में गिने जाते हैं, लखनऊ में वे 'द फिट वर्ल्ड' नाम से एक आधुनिक जिम भी चलाते हैं. वे अक्सर अपनी वर्कआउट वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हैं, जो युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती हैं.
वह नियमित रूप से वेट ट्रेनिंग, कार्डियो और स्ट्रेंथ एक्सरसाइज करते हैं. बॉडी बिल्डिंग का शौक रखने वाले प्रतीक लखनऊ में बेहद मॉर्डन जिम भी चलाते हैं. साल 2012 में उन्हें एक मैगजीन ने द इंटरनेशनल ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ द मंथ का खिताब दिया था.
बिजनेस और लग्जरी लाइफस्टाइल
प्रतीक यादव अपनी शाही जीवनशैली के लिए भी जाने जाते थे. उनके शरीर पर बने स्टाइलिश टैटू उनकी पर्सनैलिटी को और अलग बनाते हैं. हर टैटू के पीछे उनका अपना एक खास मतलब बताया जाता है. टैटू के जरिए वह अपनी सोच, पसंद और जिंदगी के अनुभवों को जाहिर करते हैं. यह ट्रेंड यूथ के बीच काफी पॉपुलर है, और प्रतीक भी इसी मॉडर्न कल्चर को फॉलो करते नजर आते हैं.
प्रतीक को महंगी और तेज रफ्तार गाड़ियों का बेहद शौक है, जब उन्होंने नीले रंग की लैम्बोर्गिनी खरीदी थी, तो वह खबर राष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में रही थी. राजनीति से दूर रहने के बावजूद,उनका रियल एस्टेट का कारोबार काफी फैला हुआ है। वे लखनऊ के कई बड़े प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं.
अपर्णा से शादी और विवाद तक
प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई है. अपर्णा के साथ उनकी शादी प्रेम विवाह थी. दिलचस्प बात यह है कि जहां प्रतीक ने खुद को राजनीति से पूरी तरह काट कर रखा, वहीं उनकी पत्नी अपर्णा ने विधानसभा चुनाव लड़ा और बाद में बीजेपी में शामिल गईं. उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.
प्रतीक यादव ने हमेशा अपनी पत्नी के फैसलों का समर्थन किया, भले ही वह उनके परिवार की पारंपरिक पार्टी (सपा) के खिलाफ ही क्यों न रही हों. हाल में अपर्णा यादव के साथ उनके मनमुटाव की खबरें आईं थी, जब प्रतीक यादव ने खुद एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. प्रतीक ने अपर्णा पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और बात तलाक तक पहुंच गई थी. हालांकि, बाद में दोनों के बीच रिश्ते सुधर गए थे.
aajtak.in