फुल डीजल भरवाया और बिना पैसे दिए फरार हुई थार, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

मथुरा के जमुनापार इलाके में एक पेट्रोल पंप पर काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थार गाड़ी का चालक फुल डीजल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए फरार हो गया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. कर्मचारियों ने गाड़ी का पीछा भी किया, लेकिन चालक मौके से निकलने में सफल रहा. पुलिस अब थार की तलाश में जुटी है.

Advertisement
फुटेज खंगाल रही पुलिस, वाहन की पहचान में जुटी टीम. (Photo: Screengrab) फुटेज खंगाल रही पुलिस, वाहन की पहचान में जुटी टीम. (Photo: Screengrab)

मदन गोपाल शर्मा

  • मथुरा ,
  • 03 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:18 PM IST

पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच मथुरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. थाना जमुनापार क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर रविवार रात एक काले रंग की थार गाड़ी का ड्राइवर डीजल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए फरार हो गया. यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement

बताया जा रहा है कि रविवार रात एक काले रंग की थार गाड़ी पेट्रोल पंप पर पहुंची. गाड़ी पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी. चालक ने सामान्य ग्राहक की तरह पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से अपनी गाड़ी में फुल डीजल भरवाया. कर्मचारियों को भी शुरुआत में किसी तरह का शक नहीं हुआ और उन्होंने गाड़ी में डीजल भर दिया.

डीजल भरने के बाद जब भुगतान करने का समय आया तो चालक ने अचानक गाड़ी को तेज रफ्तार से आगे बढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया. घटना इतनी तेजी से हुई कि पेट्रोल पंप कर्मचारी कुछ समझ ही नहीं पाए. जब तक कर्मचारियों को पूरे मामले का एहसास हुआ, तब तक थार गाड़ी काफी दूर निकल चुकी थी.

बिना नंबर प्लेट की काली थार ने बढ़ाई पुलिस की चुनौती

घटना के तुरंत बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने गाड़ी का पीछा करने की कोशिश की. हालांकि चालक तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते हुए वहां से निकल गया और कर्मचारियों के हाथ नहीं लगा. इसके बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. कैमरों में पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है. वीडियो में देखा जा सकता है कि काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थार गाड़ी पेट्रोल पंप पर आती है, डीजल भरवाती है और फिर बिना भुगतान किए तेज रफ्तार से निकल जाती है. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो अब वायरल हो गया है. वीडियो सामने आने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की

पुलिस अब काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थार गाड़ी और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. पेट्रोल पंप कर्मचारी भी इस घटना के बाद सतर्क हो गए हैं. वहीं पुलिस का ध्यान अब उस थार गाड़ी तक पहुंचने पर है, जो फुल डीजल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए फरार हो गई.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »