लखनऊ के शहीद पथ पर देर शाम सड़क पर गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां होंडा सिटी कार में सवार कुछ युवकों ने एक ऑल्टो कार चालक को बीच सड़क रोककर बेरहमी से पीट दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में दहशत है. साथ ही लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश भी है.
कहासुनी के बाद होंडा सिटी सवार युवकों ने कार रुकवा कर पीटा
जानकारी के मुताबिक पीड़ित की पहचान ज्ञानेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है, जो चिनहट के गल्ला मंडी इलाके के रहने वाले हैं. बताया जा रहा है कि वह अपनी ऑल्टो कार (UP32 JA 4377) से घर लौट रहे थे. इसी दौरान रमाबाई पुलिस चौकी के पास उनकी होंडा सिटी कार सवार युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. शुरुआत में मामूली लगने वाला यह विवाद कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी के बाद आरोपियों ने पीड़ित का पीछा करना शुरू कर दिया. पीछा करते हुए उन्होंने लक्ष्य प्लाजा के सामने शहीद पथ पर ऑल्टो कार को ओवरटेक कर जबरन रुकवा लिया. इसके बाद सभी आरोपी कार से उतरकर पीड़ित पर टूट पड़े. उन्होंने ज्ञानेंद्र को कार से बाहर खींच लिया और सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.
इतना ही नहीं, आरोप है कि युवकों ने पीड़ित को सड़क पर घसीटा और उसकी कार के शीशे भी तोड़ दिए. बीच सड़क पर हुई इस वारदात से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि मौके पर मौजूद कई लोग घटना को देखते रहे, लेकिन कोई भी पीड़ित की मदद के लिए आगे नहीं आया.
घटना का VIDEO सोशल मीडिया पर हो रहा है वायरल
घटना का वीडियो वहां मौजूद एक शख्स ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह खुलेआम सड़क पर मारपीट की जा रही है और आरोपी बेखौफ नजर आ रहे हैं.
मामले में पीजीआई थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
आशीष श्रीवास्तव