'छत पर ड्रोन गिरा है...’ कहकर घर में घुसा, फिर गला दबाकर कर दी बुजुर्ग की हत्या

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. आरोपी 19 वर्षीय आर्यन शर्मा ने तीन दिन तक रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था. आरोपी ड्रोन गिरने का बहाना बनाकर घर में घुसा और गला दबाकर हत्या कर दी.

Advertisement
पुलिस गिरफ्त में आरोपी युवक. (File Photo: Simar Chawala/ITG) पुलिस गिरफ्त में आरोपी युवक. (File Photo: Simar Chawala/ITG)

सिमर चावला

  • कानपुर,
  • 25 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:20 PM IST

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी थी, जिसके बाद पुलिस ने तफ्तीश तेज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में 19 वर्षीय आर्यन शर्मा उर्फ ईशु का नाम सामने आया है. जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने घटना को अंजाम देने से पहले तीन दिनों तक घर की रेकी की थी और महिला के अकेले रहने की जानकारी जुटाई थी.

Advertisement

बुजुर्ग को अकेला पाकर घोंट दिया गला
घटना के दिन आरोपी ‘छत पर ड्रोन गिरने’ का बहाना बनाकर घर में घुसा. अंदर पहुंचने के बाद उसने बुजुर्ग महिला को अकेला पाया और कपड़े से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले उसी इलाके में करीब आठ साल तक किराए पर रह चुका था. इस वजह से उसे घर की बनावट और आसपास के रास्तों की पूरी जानकारी थी, जिसका उसने वारदात को अंजाम देने में फायदा उठाया.

आरोपी से पूछताछ कर रही है पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से 153 ग्राम सोना बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 27 लाख रुपये आंकी गई है.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उसने इस वारदात को अकेले अंजाम दिया या इसमें कोई और भी शामिल था. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »