दुल्हन के स्वागत में DJ पर डांस और चली गोली... हर्ष फायरिंग में दूल्हे के चाचा की मौत

झांसी के बड़ागांव क्षेत्र में शादी के बाद दुल्हन के स्वागत के दौरान हर्ष फायरिंग में 50 वर्षीय महेश यादव की गोली लगने से मौत हो गई. नशे में धुत रिश्तेदार की तमंचे से चली गोली सीने में लगी. परिजन घायल को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेजकर जांच शुरू की है.

Advertisement
 शादी की खुशियां पलभर में तबाह.(Photo: Representational)  शादी की खुशियां पलभर में तबाह.(Photo: Representational)

प्रमोद कुमार गौतम

  • झांसी,
  • 09 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:40 PM IST

उत्तर प्रदेश के झांसी में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब दुल्हन के आने की खुशी में की गई हर्ष फायरिंग एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गई. यह घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम डिमरौनी की है, जहां शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन के घर पहुंचने पर डीजे बज रहा था और परिजन नाच-गाकर जश्न मना रहे थे. इसी दौरान चली गोली दूल्हे के चाचा को लग गई, जिससे पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, दुल्हन की विदाई के बाद शुक्रवार शाम करीब 5 बजे नवविवाहित जोड़ा घर पहुंचा था. उनके स्वागत में घर के बाहर डीजे बज रहा था और परिवार व ग्रामीण खुशी में झूम रहे थे. इसी दौरान मौजूद लोगों के बीच अचानक हर्ष फायरिंग शुरू हो गई. गोली लगते ही खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया और परिजन घायल को तुरंत अस्पताल लेकर भागे.

यह भी पढ़ें: बुंदेली लोक गायिका का बेरहमी से कत्ल, झांसी के जंगल में जलाई लाश, दो साल जेल में रह चुकी थी मृतका

मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय महेश यादव पुत्र हरिसिंह यादव के रूप में हुई है. वह ढिमरौनी गांव का रहने वाला था और खेती-किसानी करता था. उसके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है. बड़ी बेटी पूजा की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा विक्रम (19) और बेटी मुस्कान अविवाहित हैं.

Advertisement

नशे में धुत रिश्तेदार कर रहा था फायरिंग

पुलिस के अनुसार, महेश यादव अपने भतीजे सजेंद्र यादव की शादी में शामिल होने गया था. बारात कानपुर देहात के राजपुर गांव गई थी और शादी के बाद शुक्रवार दोपहर वह घर लौट आया था. शाम होते ही जब दूल्हा-दुल्हन घर पहुंचे तो स्वागत समारोह शुरू हो गया.

इस दौरान महेश का चचेरा भाई गोपाल यादव नशे की हालत में तमंचा लेकर डांस करने लगा. उसने एक राउंड फायर किया और फिर तमंचा दोबारा लोड करने लगा. इसी बीच तमंचा उसके हाथ से नीचे गिर गया. उसने तमंचा उठाया, तभी अचानक गोली चल गई जो सीधे महेश यादव के सीने में जा लगी.

गोली लगते ही महेश जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया. परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया.

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने बताया कि बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम डिमरौनी में शादी समारोह के दौरान फायरिंग की सूचना मिली थी.

जांच में सामने आया कि सचेन्द्र यादव की शादी के बाद वधु के आगमन पर हर्ष फायरिंग की जा रही थी. इसी दौरान गोपाल यादव द्वारा की गई फायरिंग में उसके चचेरे भाई महेश यादव को गोली लग गई.

Advertisement

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और शादी की खुशियां गम में बदल गई हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement