उत्तर प्रदेश के झांसी में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. नवाबाद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे एक व्यक्ति को बेरहमी से कुचल दिया. हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक खुद को बचाने के लिए दीवार से सटकर खड़ा हो जाता है, लेकिन तेज रफ्तार स्कॉर्पियो उसी दिशा में मुड़ जाती है और उसे रौंदते हुए निकल जाती है. हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
'गाड़ी में तीन से चार लोग थे सवार'
परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कॉर्पियो किसी व्यापारी का नाबालिग बेटा चला रहा था. उनका कहना है कि वीडियो देखने के बाद ऐसा प्रतीत होता है कि चालक ने जानबूझकर गाड़ी युवक की तरफ मोड़ी. हादसे के वक्त गाड़ी में तीन से चार लोग सवार बताए जा रहे हैं, जो घटना के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए.
पेंटिंग का काम करते थे दिलीप कुशवाहा
घटना गुरुवार शाम नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित आरटीओ ऑफिस और स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल के पास की बताई जा रही है. मृतक की पहचान 44 वर्षीय दिलीप कुशवाहा निवासी ढिलवारी का बाग, शिवाजी नगर के रूप में हुई है. दिलीप गुमनावारा क्षेत्र में डेंटिंग-पेंटिंग का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. वह रोज की तरह काम खत्म कर शाम करीब साढ़े चार बजे घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया.
दीवार की ओर भागे तो वहीं घुसा दी कार
बताया जा रहा है कि दिलीप सड़क किनारे पैदल चल रहे थे. तभी तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो लहराते हुए उनकी तरफ आई. खुद को बचाने के लिए उन्होंने दीवार की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन स्कॉर्पियो भी उसी दिशा में मुड़ गई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों और पुलिस की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
20 दिन में होनी थी बेटी की शादी
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. मृतक अपने पीछे पत्नी द्रोपती, तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं. बड़ी बेटी विनीता की शादी पहले ही हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी नेहा की शादी आगामी 19 जून 2026 को तय थी. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
मृतक के भाई राजकुमार कुशवाहा ने बताया कि उनका भाई सड़क किनारे चल रहा था और हादसे का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जिसमें चालक की गलती साफ दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि दिलीप ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें कुचल दिया.
फिलहाल पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हालांकि अभी तक चालक और गाड़ी में सवार अन्य लोग पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं.
अजय झा