उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर कस्बे में नकली सोना बेचकर कथित तौर पर ठगी करने की कोशिश का मामला सामने आया है. सर्राफा बाजार में पहुंचे एक युवक पर व्यापारियों को उस समय संदेह हुआ, जब उसने सोने के आभूषण बेचने की कोशिश की. जांच के दौरान आभूषणों के नकली होने की आशंका जताई गई, जिसके बाद व्यापारियों ने युवक को पकड़ लिया. इस दौरान बाजार में हंगामा हो गया और कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी कर दी. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक एक सर्राफा दुकान पर आभूषण बेचने पहुंचा था. उसने कथित तौर पर आभूषणों को असली बताकर अच्छी कीमत हासिल करने की कोशिश की. हालांकि, अनुभवी व्यापारी को उसकी बातों और आभूषणों पर संदेह हो गया. इसके बाद आभूषणों की जांच की गई तो उनके नकली होने की आशंका और गहरा गई. व्यापारी ने आसपास के अन्य लोगों को बुला लिया और युवक को मौके पर ही रोक लिया.
कुछ ही देर में सर्राफा बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसी दौरान कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी. बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वायरल वीडियो में भीड़ के बीच युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूछताछ के बाद व्यापारियों ने युवक को छोड़ दिया. घटना धामपुर थाना क्षेत्र के सर्राफा बाजार की बताई जा रही है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा.
धामपुर क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंजनी चतुर्वेदी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय पुलिस मौके पर जाकर जानकारी जुटा रही है और वीडियो की भी जांच की जा रही है.
ऋतिक राजपूत