उत्तर प्रदेश के बागपत के शहर कोतवाली क्षेत्र के मितली गांव में 2 मई की सुबह फास्ट फूड विक्रेता मूलचंद उर्फ सोनू का शव एक ट्यूबवेल पर मिला था. अब खुलासा हुआ है कि मृतक के तीन दोस्तों विशाल, दीपक और रिंकू ने मूलचंद की पत्नी के साथ अपने अवैध संबंधों के चलते इस हत्या को अंजाम दिया. तीनों ने मूलचंद को घर से फोन कर ट्यूबवेल पर बुलाया और पहले साथ बैठकर शराब व बीयर पी. जैसे ही मूलचंद नशे में धुत्त हुआ, इन तीनों ने ईंट से उसका सिर कूचकर उसे मार डाला. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल ईंट बरामद कर ली है.
दोस्ती की आड़ में दगाबाजी
मृतक मूलचंद उर्फ सोनू गांव में ही फास्ट फूड की दुकान चलाता था. उसे अंदाजा भी नहीं था कि जिन तीन दोस्तों- विशाल, दीपक और रिंकू- को वह अपना जिगरी यार समझता था, वे ही उसकी पीठ में छुरा घोंप रहे हैं. इन तीनों का मूलचंद की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. मूलचंद को इस अवैध रिश्ते में कांटा मानते हुए तीनों ने उसे रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार किया.
शराब पार्टी और फिर मौत
साजिश के मुताबिक, आरोपियों ने मूलचंद को पार्टी के बहाने ट्यूबवेल पर बुलाया. वहां घंटों तक बीयर और शराब का दौर चला. जब मूलचंद पूरी तरह नशे की हालत में आ गया और अपना बचाव करने की स्थिति में नहीं रहा, तब तीनों ने मिलकर पास पड़ी ईंट उठाई और उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. मौके पर बिखरी शराब की बोतलें और खून से सनी ईंटें इस बर्बरता की गवाह बनीं.
पुलिस का बड़ा खुलासा
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सूरज राय के निर्देशन में टीम ने पड़ताल शुरू की. घटनास्थल के हालात और कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया. सख्ती से हुई पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. एसपी ने बताया कि आरोपियों ने अवैध संबंधों की बाधा दूर करने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया था.
मनुदेव उपाध्याय