Zip Line करते समय खुला हुक, 45 फीट ऊंचाई से नीचे गिरा बच्चा... मां-बाप के सामने ही तोड़ा दम- VIDEO

आगरा के ताजगंज स्थित चौपाटी में रविवार को ज़िप लाइन हादसे में फिरोजाबाद के 16 वर्षीय कुनाल अग्रवाल की मौत हो गई. परिवार के साथ घूमने आए कुनाल की ज़िप लाइन की पुली का लॉक अचानक खुल गया, जिससे वह करीब 45 फीट नीचे गिर पड़ा और माता-पिता के सामने ही दम तोड़ दिया.

Advertisement
हादसे ने जिप लाइन को लेकर फिर खड़े किए कई सवाल. (Photo: Screengrabs) हादसे ने जिप लाइन को लेकर फिर खड़े किए कई सवाल. (Photo: Screengrabs)

नितिन उपाध्याय

  • आगरा,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:41 AM IST

आगरा के ताजगंज क्षेत्र स्थित चौपाटी में रविवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. जहां फिरोजाबाद से परिवार के साथ आगरा घूमने आए 16 वर्षीय कुनाल अग्रवाल की ज़िप लाइन से गिरकर मौत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ जब कुनाल एडवेंचर का आनंद ले रहा था और उसके माता-पिता सामने खड़े होकर उसे देख रहे थे. लेकिन कुछ ही सेकंड में खुशी का माहौल मातम में बदल गया.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक फिरोजाबाद निवासी चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ आगरा घूमने आए थे. ताजमहल देखने के बाद परिवार बच्चों की जिद पर ताजगंज स्थित चौपाटी पहुंचा. यहां लगे एडवेंचर गेम्स को देखकर 16 वर्षीय कुनाल ज़िप लाइन पर जाने की जिद करने लगा. परिवार ने उसकी खुशी के लिए अनुमति दे दी. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह फैसला उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन जाएगा.

मां-बाप के सामने ही तोड़ा दम
बताया जा रहा है कि करीब 120 मीटर लंबी और लगभग 45 फीट ऊंची ज़िप लाइन पर कुनाल को भेजा गया. पुलिस के अनुसार ज़िप लाइन पर आगे बढ़ते ही पुली का लॉक अचानक खुल गया और वह सीधे नीचे आ गिरा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. वहां मौजूद लोग भी दहशत में आ गए. माता-पिता बदहवास हालत में बेटे की ओर दौड़े, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल ज़िप लाइन का संचालन बंद करा दिया. चौपाटी मैनेजर और ज़िप लाइन संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. ADCP हिमांशु गौरव ने बताया कि एडवेंचर गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है. शुरुआती जांच में सुरक्षा उपकरणों और व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या लापरवाही की वजह से?

हादसे ने खड़े किए सवाल
बताया जा रहा है कि आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित चौपाटी में ज़िप लाइन का संचालन निजी संस्था ईओडी एडवेंचर पार्क प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दिया गया है. हादसे के बाद प्राधिकरण और निजी कंपनी दोनों सवालों के घेरे में हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता होते तो शायद एक मासूम की जान बच सकती थी.

आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है. इस हादसे ने एक बार फिर एडवेंचर गतिविधियों में सुरक्षा मानकों और नियमित सेफ्टी ऑडिट को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement