'भैया, मेरे साथ बहुत बड़ा धोखा हो गया है', मासूम आरव की हत्या के बाद आरोपी विराज ने भाई को किया था फोन

शिकोहाबाद में 18 महीने के मासूम आरव की हत्या के आरोपी जितेंद्र पाठक उर्फ विराज के भाइयों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. परिवार का कहना है कि पिता की मौत के बाद उसकी पढ़ाई छूट गई थी और कुछ वर्षों से उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा था. वारदात के बाद उसने अपने भाई को फोन कर कहा था कि उसके साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है.

Advertisement
सनक ने उजाड़ दी मासूम की जिंदगी. (Photo: Screengrab) सनक ने उजाड़ दी मासूम की जिंदगी. (Photo: Screengrab)

अंकुर चतुर्वेदी

  • शिकोहाबाद,
  • 03 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:50 PM IST

उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में 18 महीने के मासूम आरव की हत्या के मामले में आरोपी जितेंद्र पाठक उर्फ विराज के परिवार की कई अहम बातें सामने आई हैं. बदायूं जिले के शेखूपुर कस्बे के रहने वाले विराज के तीन भाइयों सोनू, राजीव और मुनीश ने उसके अतीत और व्यवहार को लेकर कई खुलासे किए हैं. परिवार के अनुसार करीब 28 वर्षीय विराज ने बदायूं शहर के इस्लामिया इंटर कॉलेज से हाईस्कूल तक पढ़ाई की थी. 

Advertisement

अप्रैल 2010 में पिता की अचानक मौत के बाद परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति प्रभावित हुई, जिसके चलते उसकी पढ़ाई बीच में ही छूट गई. इसके बाद उसने मारुति वैन चलाकर टैक्सी का काम किया, लेकिन उसमें उसका मन नहीं लगा. बाद में उसने घर के पास एक छोटी परचून की दुकान शुरू कर दी.

भाई सोनू पाठक के मुताबिक करीब दो साल पहले परिवार ने अपनी पुश्तैनी जमीन बेचकर विराज के लिए एक बड़ा प्रोविजनल स्टोर खुलवाया था. दुकान का कारोबार भी अच्छा चल रहा था. परिवार और आसपास के लोगों का कहना है कि विराज स्वभाव से शांत था और किसी से लड़ाई-झगड़ा नहीं करता था. हालांकि पिछले कुछ महीनों से उसके व्यवहार में बदलाव देखा जा रहा था. परिवार के लोगों के अनुसार वह दुकान पर बैठकर घंटों किसी से फोन पर बात करता रहता था. कई बार वह दुकान बंद करके एक-दो दिन के लिए बाहर भी चला जाता था. उस समय घरवालों को इसकी वजह नहीं पता थी.

Advertisement

भाइयों ने बताया कि शिकोहाबाद में मासूम आरव की हत्या के तुरंत बाद विराज ने अपने बड़े भाई राजीव को फोन किया था. फोन पर वह रो रहा था. उसने सिर्फ इतना कहा था, भैया, मेरे साथ बहुत बड़ा धोखा हो गया है. बड़े भाई राजीव ने उसके स्वभाव में आए बदलाव के पीछे एक पुरानी घटना का भी जिक्र किया. उनके अनुसार वर्ष 2020-21 में किसी विवाद के दौरान विराज के सिर पर लोहे की रॉड से हमला हुआ था. इस हमले में उसे गंभीर चोट लगी थी और लंबे समय तक बरेली के वेदांता अस्पताल में उसका इलाज चला था.

2020 में सिर पर हुआ था जानलेवा हमला

परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद वह कुछ हद तक चिड़चिड़ा और गुस्सैल हो गया था. हालांकि उसका गुस्सा घर तक ही सीमित रहता था. भाइयों का दावा है कि उसने कभी किसी बच्चे या बाहरी व्यक्ति के साथ अभद्र व्यवहार नहीं किया था. इसके बावजूद परिवार इस जघन्य अपराध से पूरी तरह टूट चुका है. 

चिड़चिड़ा और गुस्सैल हो गया था आरोपी

भाइयों ने साफ कहा कि विराज ने जो किया, वह बेहद गलत और खौफनाक है. उनका कहना है कि एक मासूम बच्चे के साथ हुई इस हैवानियत को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता और इसकी कोई माफी नहीं हो सकती. बदायूं के शेखूपुर से सामने आई परिवार की यह कहानी एक ऐसे व्यक्ति की तस्वीर पेश करती है, जिसे लोग सामान्य और शांत स्वभाव का मानते थे, लेकिन जिसकी सनक ने एक मासूम की जान ले ली.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »