फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जहां लियोनेल मेसी अपने खेल से सुर्खियां बटोर रहे हैं, वहीं अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया के मुकाबले के दौरान स्टेडियम में दिखा एक नजारा भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मैच के दौरान एक फैन ने मेसी को चिढ़ाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर बाद एक 100 साल की महिला समर्थक ने ऐसा जवाब दिया कि इंटरनेट पर उसी की चर्चा होने लगी.
मैच के दौरान टीवी कैमरा पहले ऑस्ट्रिया के एक फैन पर गया. उसने बिना टी-शर्ट के अपने सीने पर बड़े अक्षरों में "MESSI WHO?" लिख रखा था. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे मेसी पर तंज के तौर पर देखा.
लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद कैमरा अर्जेंटीना की 100 वर्षीय समर्थक पॉलिन काना (Pauline Kana) पर पहुंचा. उनके हाथ में एक पोस्टर था, जिस पर लिखा था "100 YEAR OLD MESSI FAN". बस फिर क्या था, दोनों तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं.
मेसी के फैंस ने कहा कि ऑस्ट्रियाई समर्थक के तंज का इससे बेहतर जवाब नहीं हो सकता था. कई यूजर्स ने लिखा कि एक तरफ कोई मेसी की महानता पर सवाल उठा रहा था, जबकि दूसरी तरफ 100 साल की महिला यह बता रही थी कि फुटबॉल के इस सुपरस्टार के लिए लोगों का प्यार उम्र की सीमा भी पार कर जाता है.
मैदान पर भी मेसी ने दिया जवाब
स्टैंड्स में चल रही इस चर्चा के बीच मैदान पर भी मेसी का जादू देखने को मिला. 38 वर्षीय स्टार फुटबॉलर ने दो गोल दागकर अर्जेंटीना को ऑस्ट्रिया पर 2-0 से जीत दिलाई. इसी के साथ उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा 18 गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने नॉकआउट चरण में भी अपनी जगह पक्की कर ली.
कौन हैं 100 साल की मेसी फैन?
100 वर्षीय पॉलिन काना सोशल मीडिया की दुनिया में 'Gangster Granny' के नाम से मशहूर हैं. वह अपने पोते रॉस स्मिथ के साथ मजेदार वीडियो बनाती हैं. दोनों की लोकप्रियता इतनी ज्यादा है कि उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी जगह मिल चुकी है.
पॉलिन सिर्फ इंटरनेट स्टार ही नहीं, बल्कि लियोनेल मेसी की बड़ी प्रशंसक भी हैं. वह अर्जेंटीना और इंटर मियामी के मैच नियमित रूप से देखती हैं और मेसी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं.
अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया के मैच में भी वह स्टेडियम में मौजूद थीं. उनके हाथ में "100 YEAR OLD MESSI FAN" लिखा पोस्टर था, जिसने कुछ ही मिनटों में इंटरनेट पर लाखों लोगों का ध्यान खींच लिया.
आज पॉलिन काना के TikTok पर करीब 2.5 करोड़ (25 मिलियन) फॉलोअर्स हैं. इसके अलावा Instagram और YouTube पर भी उनके लाखों प्रशंसक हैं. वह अक्सर WWE इवेंट्स, बड़े खेल आयोजनों और वायरल वीडियोज़ में नजर आती हैं.
मैच खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा सिर्फ मेसी के दो गोलों की नहीं, बल्कि 100 साल की इस महिला समर्थक के उस पोस्टर की भी रही. कई यूजर्स ने लिखा कि इस मुकाबले की सबसे यादगार तस्वीर मैदान पर नहीं, बल्कि स्टैंड्स में दिखाई दी.
aajtak.in