दिल्ली की एक निजी टेलीकॉम कंपनी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक कर्मचारी अपनी कंपनी के HR से सैलरी को लेकर जवाब मांगता नजर आ रहा है. कर्मचारी का दावा है कि उसे हर महीने 13,000 रुपये सैलरी देने का वादा किया गया था, लेकिन एक महीने से ज्यादा काम करने के बाद उसके बैंक खाते में सिर्फ 3,800 रुपये ही आए.
वायरल वीडियो में कर्मचारी बार-बार पूछता है कि मेरी पूरी सैलरी क्यों नहीं आई? वह यह भी कहता है कि वह दोपहर 1 बजे से अपनी शिकायत लेकर बैठा है, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी उससे मिलने नहीं आया.
वीडियो की शुरुआत में कर्मचारी कैमरा HR की ओर करता है. HR रिकॉर्डिंग का विरोध करती हैं. इसके बाद कर्मचारी दूसरे स्टाफ से पूछता है कि क्या उन्हें पूरी सैलरी मिली है. कर्मचारी का आरोप है कि जब उसने पहले HR से इस बारे में पूछा था तो उन्हें जवाब मिला कि अब कुछ नहीं हो सकता. इसके बाद HR कमरे से बाहर चली जाती हैं.
बाद में एक अन्य कर्मचारी बातचीत में शामिल होता है और HR का बचाव करते हुए कहता है कि सैलरी से जुड़े फैसले सिर्फ HR नहीं लेतीं. वह कर्मचारी से शांत रहने और विनम्रता से बात करने की सलाह देता है. हालांकि शिकायत करने वाला कर्मचारी लगातार यही पूछता रहता है कि आखिर उसकी तय सैलरी से इतने पैसे कम क्यों भेजे गए.
देखें वायरल वीडियो
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर बहस छिड़ गई है. कई लोगों ने कंपनी की कार्यशैली और कर्मचारियों की शिकायतों के निपटारे पर सवाल उठाए, जबकि कुछ यूजर्स का कहना है कि सैलरी से जुड़े मामलों में कई विभाग शामिल होते हैं और हर समस्या का तुरंत समाधान संभव नहीं होता.
एक यूजर ने लिखा कि लड़की की रिकॉर्डिंग मत करो कहने में सब लग गए, लेकिन किसी ने यह नहीं पूछा कि आखिर कर्मचारी की सैलरी कम क्यों आई. असली मुद्दा ही पीछे छूट गया.
फिलहाल कंपनी की ओर से इस वायरल वीडियो और कर्मचारी के आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर कार्यस्थल पर सैलरी ट्रांसपेरेंसी, कर्मचारियों के अधिकार और शिकायतों के समय पर समाधान को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
aajtak.in