Best Monsoon Destinations in India: बारिश का मौसम आते ही हर तरफ हरियाली और ठंडी हवाएं मन को सुकून देती हैं. ऐसे में अगर आप इस मानसून कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं लेकिन भीड़भाड़ वाली जगहों से बचना चाहते हैं तो भारत में कई ऐसी खूबसूरत ऑफबीट डेस्टिनेशन हैं जहां नेचर के साथ सुकून भरे पल का असली आनंद ले सकते हैं. यहां आपको खूबसूरत नजारे, हरियाली और शांत माहौल का भरपूर आनंद मिलेगा.
अरुणाचल प्रदेश का जीरो वैली
अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली मानसून में बेहद खूबसूरत नजर आती है. बारिश के दौरान यहां के हरे-भरे धान के खेत, चीड़ के जंगल और चारों ओर फैली धुंध इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं. अगर आप भीड़ से दूर प्रकृति के बीच समय बिताना चाहते हैं तो यह जगह आपके लिए बेस्ट है.
मध्य प्रदेश का मांडू
मांडू अपने प्राचीन किलों, महलों और ऐतिहासिक इमारतों के लिए जाना जाता है. बारिश के मौसम में यहां की झीलें, हरियाली और धुंध से घिरे महल बेहद आकर्षक लगते हैं. इतिहास और प्राकृतिक सुंदरता का शानदार मेल देखने के लिए यह जगह काफी पसंद की जाती है.
केरल का थेनमाला
केरल का थेनमाला भारत का पहला प्लान्ड इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन माना जाता है. मानसून के दौरान यहां के घने जंगल, झरने, सस्पेंशन ब्रिज और नदी का नजारा देखने लायक होता है. एडवेंचर और नेचर लवर्स के लिए यह शानदार जगह है.
हिमाचल प्रदेश का शोजा
हिमाचल प्रदेश की सेराज घाटी में बसा शोजा एक शांत और खूबसूरत गांव है. मानसून में यहां बादल पहाड़ों के बेहद करीब आ जाते हैं. झरने, हरे-भरे मैदान और लकड़ी के कॉटेज इस जगह को और भी खास बना देते हैं.
तमिलनाडु का वालपराई
अगर आप चाय के बागानों के बीच छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो तमिलनाडु का वालपराई अच्छा विकल्प हो सकता है. बारिश के मौसम में यहां की हरियाली, झरने और धुंध से ढकी पहाड़ियां बेहद मनमोहक लगती हैं. यहां नीलगिरि तहर जैसे दुर्लभ वन्यजीव भी देखने को मिल सकते हैं.
महाराष्ट्र का अंबोली
सह्याद्रि की पहाड़ियों में बसा अंबोली मानसून के दौरान किसी जन्नत से कम नहीं लगता. यहां भारी बारिश के कारण कई मौसमी झरने बहने लगते हैं और चारों तरफ धुंध छा जाती है. अगर आपको बारिश और प्रकृति पसंद है तो यह जगह जरूर पसंद आएगी.
मध्य प्रदेश का ओरछा
बेतवा नदी के किनारे बसा ओरछा अपने महलों, मंदिरों और छतरियों के लिए प्रसिद्ध है. बारिश के मौसम में यहां का नजारा और भी खूबसूरत हो जाता है. हरियाली और बादलों के बीच ऐतिहासिक इमारतें देखने का अलग ही अनुभव मिलता है.
मेघालय का मावलिन्नोंग (Mawlynnong)
एशिया के सबसे स्वच्छ गांवों में शामिल मावलिन्नोंग मानसून में बेहद खूबसूरत दिखाई देता है. यहां की हरियाली, जीवित जड़ों से बने पुल (लिविंग रूट ब्रिज), साफ-सुथरा वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को खूब आकर्षित करती है. अगर आप प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताना चाहते हैं तो यह जगह आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क