गुजरात टाइटन्स (GT) के कप्तान शुभमन गिल ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपनी बल्लेबाजी से कहर बरपाया है और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई. शुभमन ने 15 पारियों में 48.13 की औसत 722 रन रन बनाए हैं. शुभमन ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ भविष्य नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट का वर्तमान भी हैं. लेकिन इतने शानदार प्रदर्शन के बावजूद एक सवाल अब भी पीछा नहीं छोड़ रहा- क्या शुभमन की भारतीय टी20 टीम में वापसी होगी?
आईपीएल 2026 के फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो शुभमन गिल ने बिना किसी झिझक के जवाब दिया. उन्होंने माना कि T20 क्रिकेट में उनका पिछला दौर अच्छा नहीं रहा था, लेकिन वह लगातार खुद को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं. शुभमन कहते हैं, 'अगर मुझे टी20 टीम में चुना जाता है तो मुझे खुशी होगी. मैं अपने खेल पर लगातार काम करना चाहता हूं. मैं हर फॉर्मेट में बेहतर बल्लेबाज बनना चाहता हूं- चाहे वो टी20 हो, ओडीआई हो या टेस्ट.'
शुभमन गिल ने आखिरी बार दिसंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20I सीरीज में भाग लिया था. उस समय भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने उन्हें दोबारा टीम में मौका देकर साफ संकेत दिए थे कि वह उन्हें तीनों फॉर्मेट का स्थायी खिलाड़ी बनाना चाहते हैं. लेकिन यह फैसला टीम कॉम्बिनेशन पर भारी पड़ गया. उस वक्त संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी शानदार फॉर्म में थी. दोनों लगातार तेज शुरुआत दिला रहे थे, लेकिन शुभमन की वापसी के बाद सैमसन को बाहर होना पड़ा.
यह भी पढ़ें: 'उसे मत रोको, बस खेलने दो...', 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर सचिन तेंदुलकर ने कही सबसे बड़ी बात
हालांकि, मौका मिलने के बावजूद शुभमन गिल उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. पिछले साल 15 टी20 इंटरनेशनल मैचों में वह सिर्फ 291 रन बना पाए. उनका औसत महज 24.25 रहा और सबसे बड़ी बात यह थी कि वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके. यही वजह रही कि उन्हें आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली.
वैभव-संजू-अभिषेक के रहते मुश्किल हुआ रास्ता
भारत के टी20 विश्व कप खिताब बचाने के बाद टीम में जगह के लिए प्रतिस्पर्धा बेहद खतरनाक हो चुकी है. संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में दमदार प्रदर्शन कर अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. अभिषेक शर्मा लगातार विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं. ईशान किशन ने वापसी के बाद शानदार लय दिखाई है और अब 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने चयनकर्ताओं के सामने एक नया विकल्प खड़ा कर दिया है.
हालांकि, आईपीएल 2026 में शुभमन गिल ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की है, उसने चयनकर्ताओं को दोबारा सोचने पर मजबूर जरूर किया है. उन्होंने नई गेंद के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया है, स्पिन को बेहतर तरीके से खेला है और जरूरत पड़ने पर तेजी से रन भी बनाए हैं. सबसे बड़ी बात यह रही कि उन्होंने सिर्फ रन नहीं बनाए, बल्कि कप्तान के रूप में भी मैच का दबाव संभाला. यही चीज उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है.
यह भी पढ़ें: 'वैभव सूर्यवंशी दुनिया का बेस्ट बल्लेबाज, ऐसा खिलाड़ी नहीं देखा...', शुभमन गिल भी बन गए बेबी बॉस के फैन
अब फैसला पूरी तरह बीसीसीआई और अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति के हाथ में है. शुभमन गिल ने भारत के लिए अब तक 36 T20I मैचों में 869 रन बनाए हैं और उनका औसत 28.03 का रहा है. आंकड़े भले बहुत खास न हों, लेकिन मौजूदा फॉर्म यह जरूर बता रही है कि वह अभी इस फॉर्मेट से बाहर नहीं हुए हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि आईपीएल का यह शानदार सीजन क्या शुभमन के लिए T20 दरवाजे दोबारा खोल पाएगा या नहीं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क