काम में लगे थे दुकान वाले, एक आवाज सुनी तो भाग खड़े हुए... कुछ सेकेंड बाद बेकाबू ट्रेलर ने सब कर दिया तहस-नहस, Video

राजस्थान के पाली में नेशनल हाईवे-162 पर एक दर्दनाक हादसा हो गया. पाली से ब्यावर की ओर जा रहा एक ट्रेलर अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा. घटना के समय वहां मौजूद लोग जान बचाकर भागते नजर आए. हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.

Advertisement
दुकान में जा घुसा बेकाबू ट्रेलर. (Photo: ITG) दुकान में जा घुसा बेकाबू ट्रेलर. (Photo: ITG)

भारत भूषण जोशी

  • पाली,
  • 11 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:24 AM IST

राजस्थान के पाली में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा. इस हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई, जबकि पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

हादसा पाली जिले में झाला की चौकी के पास नेशनल हाईवे-162 पर हुआ. ट्रेलर पाली से ब्यावर की ओर जा रहा था. रात के समय सड़क किनारे दुकानों के बाहर रोज की तरह सामान्य गतिविधियां चल रही थीं. लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे और कुछ लोग दुकानों के सामने खड़े होकर बातचीत कर रहे थे.

Advertisement

यहां देखें Video

इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार ट्रेलर चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया. देखते ही देखते ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सड़क पार करते हुए दूसरी ओर जा पहुंचा. वहां सड़क किनारे बनी धर्माराम मेवाड़ा की दुकानों के बाहर लगे टीन शेड और चादरों को तोड़ते हुए ट्रेलर सीधे दुकानों में जा घुसा.

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जैसे ही ट्रेलर तेज रफ्तार में दुकानों की ओर बढ़ता है, वहां मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगते हैं. कुछ ही सेकंड में वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए दुकानों और सड़क से दूर भागते नजर आए.

यह भी पढ़ें: झांसी में बड़ा सड़क हादसा: सेना की गाड़ी और मुर्गियों से लदे पिकअप की सीधी भिड़ंत, नायब सूबेदार की मौत

ट्रेलर की चपेट में आने से दुकानों के बाहर खड़ी चार बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं. साथ ही दुकानों के बाहर बना टीन शेड और लोहे की चादरें भी टूटकर बिखर गईं.

Advertisement

हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने की कोशिश की. काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

घटना के बाद मौके पर मच गई अफरा-तफरी

चालक की पहचान रामभरोसी के रूप में हुई है. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी हालत गंभीर हो गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया.

घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर हादसा कैसे हुआ. इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement