किचन के मसालों में छुपाए थे 50 लाख... नौकर ने कर दिए पार, पेड डॉग को भी जहर देकर मार दिया!

सोचिए... एक ऐसा घर, जहां भरोसा सबसे मजबूत ताला हो. जहां एक वफादार कुत्ता हर आहट पर पहरा देता हो. लेकिन जब उसी घर का सबसे भरोसेमंद इंसान ही साजिश रच ले... जब CCTV की आंखें बंद कर दी जाएं... और किचन में छिपाकर रखे गए 50 लाख रुपए धीरे-धीरे गायब होने लगें... यह कहानी जयपुर की है, जहां घर के नौकर ने फिल्मी अंदाज में चोरी की. उसने पेट डॉग को भी मार दिया.

Advertisement
रिटायर्ड डॉक्टर ने पोती की पढ़ाई के लिए जमा किए थे रुपए. (Photo: Screengrab) रिटायर्ड डॉक्टर ने पोती की पढ़ाई के लिए जमा किए थे रुपए. (Photo: Screengrab)

विशाल शर्मा

  • जयपुर,
  • 02 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:56 PM IST

जयपुर में चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जिसने भरोसे की बुनियाद हिला दी. एक रिटायर्ड डॉक्टर के घर से करीब 50 लाख रुपये चोरी हो गए. हैरानी की बात ये रही कि इस वारदात को किसी बाहरी चोर ने नहीं, बल्कि घर में पिछले 10 साल से काम कर रहे भरोसेमंद नौकर ने अंजाम दिया.

दरअसल, डॉक्टर ने अपनी पोती की पढ़ाई के लिए 50 लाख रुपये की रकम किचन में मसालों के डिब्बों में छुपाकर रखी थी. लेकिन ये राज घर के नौकर सुमित तक पहुंच गया. CCTV फुटेज के जरिए उसे पैसे छुपाने की जगह का पता चला और यहीं से उसने पूरी साजिश रच डाली. लेकिन उसके लिए सबसे बड़ी समस्या था घर का पेट डॉग. जो हर हलचल पर नजर रखता था. पुलिस जांच में सामने आया कि सुमित ने पहले कुत्ते को जहर देकर मार डाला.

Advertisement

19 मार्च को कुत्ते की संदिग्ध परिस्थितियों में जब मौत हुई तो परिवार को कुछ शक जरूर हुआ था, लेकिन तब तक आरोपी अपनी प्लानिंग को काफी आगे बढ़ा चुका था. चोरी को अंजाम देने के लिए सुमित ने पहले घर के CCTV सिस्टम को समझा. सर्विस के बहाने उसने सिस्टम की पूरी जानकारी ली और बाद में किचन के कैमरे का वायर काटकर उसे बंद कर दिया, ताकि उसकी हरकतें रिकॉर्ड न हो सकें. इस काम में उसने घर की नौकरानी को भी शामिल कर लिया.

यह भी पढ़ें: डॉक्टर दुबई ट्रिप पर निकले, इधर घर में हो गई 1.47 करोड़ की चोरी... चोर डेढ़ घंटे तक खंगालते रहे कोना-कोना

दोनों मिलकर रोज मसालों के डिब्बों से थोड़ा-थोड़ा पैसा निकालते रहे, जिससे एक साथ बड़ी रकम गायब होने का शक न हो. आरोपी ने अपने नाबालिग बेटे से घर की खिड़की का शीशा तुड़वाया, ताकि मामला बाहरी चोरी जैसा लगे.

Advertisement

शुरुआत में परिवार भी इसी झांसे में आ गया, लेकिन सुमित की अचानक बदली लाइफस्टाइल, महंगे कपड़े, होटल और पार्टियों में खर्च ने शक को यकीन में बदल दिया. सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

पुलिस ने आरोपी के घर से अब तक 33 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं, जबकि बाकी रकम की तलाश जारी है. इस पूरे मामले में नौकरानी की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है.

डीसीपी राजर्षि राज के मुताबिक, आरोपी ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया, लेकिन उसकी बदलती लाइफस्टाइल की वजह से वह पकड़ा गया. मामले में आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement